Chapter Summary (पाठ का सार एवं परिचय)
कवयित्री : मीराबाई (Meerabai )
कृष्ण भक्ति शाखा की महान कवयित्री मीराबाई द्वारा रचित 'पद' उनकी अटूट श्रद्धा, समर्पण और प्रेम की पराकाष्ठा हैं। इन पदों में मीराबाई ने अपने आराध्य श्री कृष्ण (गिरधर गोपाल) के प्रति अपनी अनन्य भक्ति को व्यक्त किया है। पहले पद में वे प्रभु को उनके भक्त-वत्सल रूप की याद दिलाते हुए अपने कष्टों को हरने की गुहार लगाती हैं, तो वहीं दूसरे पद में वे कृष्ण का सामीप्य पाने के लिए उनकी दासी बनने को भी सहर्ष तैयार हैं। अंत में उन्होनें श्री कृष्ण के रूप सौन्दर्य का वर्णन करते हुए उनसे मिलने की अधीरता का उल्लेख किया है ।
भक्तों की करुण पुकार और कष्ट निवारण की प्रार्थना
प्रथम पद में कवयित्री मीराबाई अपने प्राणप्रिय श्री कृष्ण (हरि) से अत्यंत आर्त भाव से प्रार्थना करती हैं। वे प्रभु को स्मरण कराती हैं कि जिस प्रकार उन्होंने चीर-हरण के समय द्रौपदी की लाज बचाकर वस्त्र बढ़ाया, अपने प्रिय भक्त प्रह्लाद की रक्षा हेतु नृसिंह अवतार लिया और मगरमच्छ के चंगुल से ऐरावत हाथी को मुक्त कर उसके प्राण बचाए; ठीक उसी प्रकार वे मीरा के जीवन के तमाम सांसारिक दुखों और संतापों का भी अंत करें।
English:Divine Intervention and Devotee's Plead for Protection: In the first verse, poetess Mirabai fervently prays to her beloved Lord Shri Krishna (Hari). She reminds the Lord of His compassionate nature, recalling how He protected Draupadi's honor by extending her saree during her humiliation, assumed the Narasimha avatar to shield His devotee Prahlad, and rescued the elephant Airavat from the clutches of a crocodile. In the same manner, she begs Him to alleviate all her worldly sufferings and sorrows.
प्रभु सामीप्य की अभिलाषा: दासी बनने का संकल्प
द्वितीय पद में मीराबाई श्री कृष्ण के चरणों में निवास करने के लिए उनकी सेविका (चाकर) बनने की मार्मिक विनती करती हैं। उनका एकमात्र उद्देश्य अपने आराध्य के निकट रहना है। वे प्रतिज्ञा करती हैं कि वे प्रभु के लिए सुंदर वाटिकाएं (बाग) लगाएंगी, ताकि प्रतिदिन प्रातः काल उठते ही उन्हें सबसे पहले अपने स्वामी के अलौकिक दर्शन प्राप्त हो सकें। वे वृंदावन की कुंज-गलियों में कृष्ण की लीलाओं का गान करना चाहती हैं।
English:Yearning for Proximity: The Vow of Divine Servitude: In the second verse, Mirabai touchingly implores to become a humble servant (Chakar) of Shri Krishna just to reside near His lotus feet. Her sole objective is to remain close to her deity. She resolves to plant beautiful orchards and gardens for Him, ensuring that the very first thing she witnesses upon waking up each morning is the divine sight (Darshan) of her Lord. She wishes to sing praises of Krishna's pastimes in the narrow lanes of Vrindavan.
भक्ति का साम्राज्य: तीन अमूल्य इच्छा की पूर्ति
मीराबाई का दृढ़ विश्वास है कि श्री कृष्ण की चाकरी (सेवा) करने के बदले में उन्हें भौतिक धन की आवश्यकता नहीं है, बल्कि उन्हें तीन दिव्य संपत्तियां प्राप्त होंगी। पहली- प्रभु के नित्य दर्शन, दूसरी- उनके नाम-स्मरण का निरंतर अवसर, और तीसरी- भावपूर्ण भक्ति का साम्राज्य। मीरा इन तीनों को ही अपने जीवन की सबसे बड़ी और अमर जागीर (सच्ची संपत्ति) स्वीकार करती हैं, जिसके आगे संसार का वैभव तुच्छ है।
English:The Spiritual Estate: Access to Three Invaluable Treasures: Mirabai firmly believes that serving Shri Krishna eliminates the need for material wealth, as she will be rewarded with three spiritual treasures instead. First, the perpetual sight of her Lord; second, the continuous opportunity to remember His holy name; and third, the grand kingdom of emotional devotion. Meera accepts this triad as the supreme and eternal estate (true wealth) of her life, before which worldly riches pale in comparison.
मोहन का मनमोहक रूप और अलौकिक सौंदर्य
कवयित्री श्री कृष्ण के मनोहारी और अलौकिक रूप-सौंदर्य का सजीव चित्रण करती हैं। वे बताती हैं कि उनके सांवरिया सरकार के अंगों पर पीतांबर (पीले रेशमी वस्त्र) सुशोभित हैं, मस्तक पर मोरपंखों का भव्य मुकुट विराजमान है और गले में वनफूलों की वैजयंती माला शोभा पा रही है। वे अपने इसी मनमोहक रूप में वृंदावन के वनों में गायें चराते हैं और अधरों पर मुरली रखकर मधुर तान छेड़ते हैं।
English:The Ethereal Radiance and Beauty of Lord Krishna:The poetess paints a vivid picture of the captivating and divine aesthetics of Lord Krishna. She describes her dark-complexioned Lord adorned in yellow silk garments (Pitambar), wearing a majestic crown crafted from peacock feathers, and sporting a beautiful Vaijanti garland around His neck. In this mesmerizing form, He grazes cows in the pastures of Vrindavan while playing soul-stirring melodies on His flute.
प्रियतम से मिलन की पराकाष्ठा और हृदय की व्याकुलता
मीराबाई अपने प्रिय 'साँवरिया' के स्वागत के लिए विशाल और ऊँचे-ऊँचे प्रसादों (महलों) का निर्माण करना चाहती हैं और उन महलों के बीच-बीच में झरोखे (खिड़कियां) रखना चाहती हैं, ताकि वे कुसुम्बी साड़ी पहनकर अपने प्रभु की एक झलक पा सकें। कृष्ण विरह में उनका हृदय इस कदर अशांत और व्याकुल है कि वे सुबह का भी प्रतीक्षा नहीं कर सकतीं; वे चाहती हैं कि प्रभु आधी रात को ही यमुना नदी के एकांत किनारे पर आकर उन्हें दर्शन दें।
English:The Zenith of Separation and Restlessness for Union: Mirabai desires to construct grand, towering palaces to welcome her beloved 'Sanwariya' and wishes to retain windows (Jharokhas) within them so she can catch glimpses of her Lord while dressed in a festive saffron saree. Her heart is so restless and tormented by the pain of separation that she cannot even wait until morning; she implores her Lord to bless her with His divine presence at the secluded banks of the Yamuna River at midnight.
Questions and Answers (प्रश्नोत्तर)
कवयित्री :मीराबाई
निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए।
प्रश्न 1.1
पहले पद में मीरा ने हरि से अपनी पीड़ा हरने की विनती किस प्रकार की है?
अथवा
मीरा ने पद में हरि से पीड़ा हरने की विनती किस प्रकार की है?
अथवा
मीराबाई ने श्रीकृष्ण से अपनी पीड़ा हरने की प्रार्थना किस प्रकार की है? अपने शब्दों में लिखिए।
उत्तर:
पहले पद में मीराबाई अपनी पीड़ा हरने की विनती करते हुए कहती हैं कि जिस प्रकार प्रभु ने द्रौपदी की लाज रखी थी, गजराज ऐरावत को मगरमच्छ रूपी मृत्यु के मुख से बचाया था तथा भक्त प्रह्लाद की रक्षा करने के लिए ही नरसिंह का अवतार लिया था, उसी तरह भक्त होने के नाते वे उन्हें यानी मीरा को भी सांसारिक कष्टों से मुक्ति दिलाकर अपने चरणों में जगह देने की कृपा करें।
प्रश्न 1.2
दूसरे पद में मीराबाई श्याम की चाकरी क्यों करना चाहती हैं? स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
दूसरे पद में मीराबाई श्याम की चाकरी अर्थात नौकरी इसलिए करना चाहती हैं, क्योंकि वे उनकी अनन्य भक्त हैं तथा उनमें उनका एकनिष्ठ विश्वास है। वे अपनी प्रेम-भक्ति की अभिव्यक्ति करने के लिए उनके लिए बाग लगवाकर प्रतिदिन सवेरे उठकर उनके दर्शन करना चाहती हैं और वृंदावन की कुंज गलियों में घूम-घूमकर उनकी लीलाओं का गान करना चाहती हैं, जिससे उनकी तीनों बातें: भाव-भक्ति, दर्शन तथा स्मरण की पूर्ति हो सके।
प्रश्न 1.3
मीराबाई ने श्रीकृष्ण के रूप-सौंदर्य का वर्णन कैसे किया है? अथवा मीरा ने श्रीकृष्ण के किस स्वरूप की कल्पना की है?
उत्तर:
मीराबाई ने श्रीकृष्ण के रूप-सौंदर्य का अलौकिक वर्णन किया है कि उन्होंने पीले वस्त्र धारण किए हुए हैं, जो उनकी शोभा को बढ़ा रहे हैं। मुकुट में मोर का पंख सुशोभित है तथा गले में वैजयंती माला पहनी हुई है, जो उनके सौंदर्य में चार चाँद लगा रही है। वे ग्वाल-बालों के साथ गाय चराते हुए वृंदावन में मुरली बजा रहे हैं।
प्रश्न 1.4
मीराबाई की भाषा शैली पर प्रकाश डालिए।
उत्तर:
मीरा के पदों की भाषा अत्यंत सरल और सहज है। इसकी मुख्य विशेषताएं इस प्रकार हैं:
मिश्रित भाषा: मीरा की भाषा में राजस्थानी का प्रभाव सबसे अधिक है। इसके साथ ही इसमें ब्रजभाषा, गुजराती, खड़ी बोली और पंजाबी के शब्दों का सुंदर मिश्रण देखने को मिलता है।
संगीतात्मकता: मीरा के पद राग-रागिनियों पर आधारित हैं, जिन्हें बहुत ही सुरीले ढंग से गाया जा सकता है।
भावनुकूल शब्दावली: अपनी प्रेम की पीड़ा को अभिव्यक्त करने के लिए उन्होंने भावनुकूल शब्दावली का प्रयोग किया है।
अलंकारों का सुंदर प्रयोग: पदों में अनुप्रास अलंकार (जैसे: 'काट कूंजर पीर', 'बिंदरावन की कुंज गलीन में') और रूपक अलंकार ('भाव-भगती जागीरी') का सहज प्रयोग हुआ है जो कविता की सुंदरता को बढ़ाता है।
प्रश्न 1.5
वे श्रीकृष्ण को पाने के लिए क्या-क्या कार्य करने को तैयार हैं? अथवा मीराबाई श्री कृष्ण को पाने के लिए क्या-क्या स्वांग (रूप) भरने को तैयार हैं?
उत्तर:
मीराबाई का श्रीकृष्ण के प्रति असीम प्रेम और समर्पण का भाव है। श्रीकृष्ण की समीपता पाने के लिए मीरा समाज की परवाह किए बिना हर संभव प्रयास करने को तैयार हैं, जिसे हम निम्नलिखित बिंदुओं में देख सकते हैं:
दासी बनना (चाकरी): मीरा श्री कृष्ण की सेविका बनकर उनकी चाकरी करने के लिए उत्सुक हैं। वे कहती हैं कि वे उनके लिए सुंदर बाग-बगीचे लगाएंगी, ताकि जब कृष्ण वहाँ घूमने आएं, तो उन्हें दर्शन मिल सकें।
महिमा का गान: वे वृंदावन की संकरी और पवित्र गलियों में कृष्ण की लीलाओं का यशगान करना चाहती हैं।
लोक-लाज का त्याग: वे कुसुम्बी (लाल रंग की) साड़ी पहनकर आधी रात को यमुना नदी के किनारे जाने के लिए तैयार हैं ताकि वे एकांत में प्रभु के दर्शन कर सकें।
II- निम्नलिखित पंक्तियों का काव्य सौन्दर्य और भावार्थ
1)
हरि आप हरो जन री भीर।
द्रोपदी री लाज राखी, आप बढ़ायो चीर।
भगत कारण रूप नरहरि, धरयो आप सरीर।
शब्दार्थ: हरि - श्रीकृष्ण | हरो - दूर करो | जन री - लोगों की | भीर - कष्ट/पीड़ा | चीर - वस्त्र | नरहरि - नरसिंह | रूप धरयो - रूप धारण किया |
भावार्थ: प्रस्तुत पद में कृष्ण-भक्त कवयित्री मीराबाई कृष्ण से अपनी पीड़ा के हरण की प्रार्थना करते हुए कह रही हैं कि आपने हमेशा अपने भक्तों की पीड़ा का हरण किया है। आपने द्रौपदी के चीरहरण के समय उसे वस्त्र प्रदान कर दुःशासन के हाथों लज्जित होने से बचाया। आपने नरसिंह का रूप धारण करके भक्त प्रह्लाद को बचाया और अपना प्रण पूरा किया।
2)
बूढ़तो गजराज राख्यो, काटी कुण्जर पीर।
दासी मीराँ लाल गिरधर, हरो म्हारी भीर॥
शब्दार्थ:बूड़तो - डूबते हुए | राख्यो - रक्षा की | कुण्जर - हाथी | पीर - पीड़ा
भावार्थ: प्रस्तुत पद में मीराबाई कृष्ण से अपने दुखों को दूर करने की प्रार्थना करते हुए कह रही हैं कि जैसे आपने एक डूबते हुए हाथी (गजराज) को मगरमच्छ से बचाकर उसे प्राणदान दिया और उसकी पीड़ा दूर की, हे प्रभु! मैं भी आपकी यानी अपने आराध्य श्रीकृष्ण की दासी हूँ। अतः आप मेरी (मीराबाई) पीड़ा का भी हरण करें।
3)
स्याम म्हाने चाकर राखो जी
गिरधारी लाला म्हाँने चाकर राखो जी।
चाकर रहस्यूँ बाग लगास्यूँ नित उठ दरसण पास्यूँ।
बिंदरावन री कुंज गली में, गोविंद लीला गास्यूँ।
शब्दार्थ: म्हाने - हमें/मुझे | चाकर - सेवक/नौकर | रहस्यूँ - रहूँगी | दरसण - दर्शन | लगास्यूँ - लगाऊँगी | पास्यूँ - पाऊँगी | बिंदरावन - वृंदावन | कुंज - लताओं व पेड़ों से घिरी संकरी गली | गास्यूँ - गा सकूँगी
भावार्थ: प्रस्तुत पद में मीराबाई अपने आराध्य श्रीकृष्ण की चाकरी अर्थात नौकरी करने की इच्छा दर्शाते हुए कह रही हैं कि हे प्रभु! मुझे अपनी चाकरी करने का सौभाग्य प्रदान करें। वे कहती हैं कि मैं आपकी दासी बनकर बाग-बगीचे लगाऊँगी ताकि सुबह उठते ही आपके दर्शन कर सकूँ। फिर वृंदावन की कुंज गलियों में आपके नाम का और आपकी लीलाओं का ही गुणगान करूँगी।
4)
चाकरी में दरसण पास्यूँ, सुमरण पास्यूँ खरची।
भाव भगती जागीरी पास्यूँ, तीनूं बातों सरसी।
शब्दार्थ: सुमरण - स्मरण/याद करना | खरची - जेब-खर्च | जागीरी - साम्राज्य/जागीर | तीनूं - तीनों | बाताँ - बातें | सरसी - पूरी होंगी/सिद्ध होंगी
भावार्थ: प्रस्तुत पद में मीराबाई कहती हैं कि आपकी चाकरी करने से मुझे तीन बातें प्राप्त होंगी—एक तो आपके दर्शन, दूसरा आपका स्मरण (जो मेरे लिए जेब-खर्च की तरह होगा), और तीसरा आपकी भाव-भक्ति रूपी जागीर। इस प्रकार मेरी ये तीनों बातें पूरी हो जाएँगी।
5)
मोर मुगट पीतांबर सौहे, गल वैजंती माला।
बिंदरावन में धेनु चरावे, मोहन मुरली वाला।
शब्दार्थ: सौहै - सुशोभित है | गल - गले में | धेनु - गाय
भावार्थ: प्रस्तुत पद में मीराबाई श्रीकृष्ण के रूप-सौंदर्य का वर्णन करते हुए कहती हैं कि उनके प्रिय श्रीकृष्ण सिर पर मोर का मुकुट और पीले वस्त्र (पीतांबर) धारण करते हैं। उनके गले में वैजयंती फूलों की माला सुशोभित है। सबको मोहित करने वाले और मधुर मुरली बजाने वाले श्रीकृष्ण वृंदावन में गाय चराते हैं।
6)
ऊँचा-ऊँचा महल बणावं बिच-बिच राखूँ बारी।
साँवरिया रा दरसण पास्यूँ, पहर कुसुंबी साड़ी।
आधी रात प्रभु दरसण, दीज्यो जमनाजी रे तीरां।
मीराँ रा प्रभु गिरधर नागर, हिवड़ो घणो अधीराँ
शब्दार्थ: बारी - फुलवारी/बगीचा | रा - का/के/की | पहर - पहनकर | तीरां - किनारे (तट पर) | नागर - चतुर/नगर का वासी | हिवड़ो - हृदय/दिल | घणो - बहुत | अधीराँ - व्याकुल/बेचैन
भावार्थ: श्रीकृष्ण के दर्शन की कामना करते हुए मीरा बाई ऊँचे-ऊँचे महल बनाने और उसमें दर्शन के लिए बीच-बीच में फुलवारियाँ रखने की बात कहती हैं। वे कुसुम्बी (लाल) रंग की साड़ी पहनकर आधी रात को यमुना नदी के तट पर उनसे मिलने जाना चाहती हैं। मीराबाई कहती हैं कि उनका हृदय श्रीकृष्ण (गिरधर नागर) से मिलने के लिए बहुत व्याकुल हो रहा है।
भाषा अध्ययन
प्रश्न 1. उदाहरण के आधार पर पाठ में आए निम्नलिखित शब्दों के प्रचलित रूप लिखिए- उदाहरण: भीर – पीड़ा / कष्ट / दुख ; री – की
चीर – वस्त्र / कपड़ा
बूढ़ता – डूबते हुए
लगास्यूँ – लगाऊँगी
धर्यो – धारण किया
कुण्जर – हाथी / हस्ती
बिन्दरावन – वृंदावन
रहस्यूँ – रहूँगी
राखो – रक्षा करो / रखो
घणा – बहुत / अत्यधिक
सरसी – पूरी होगी / सिद्ध होगी
हिवड़ा – हृदय / दिल
कुसुम्बी – लाल रंग की (कुसुंभ के फूल के रंग जैसी)
Competency Based Questions (योग्यता-आधारित प्रश्नोत्तर)
कवयित्री :मीराबाई
खंड — 1: केस-आधारित प्रश्न (Case-Based Questions)
अनुदेश: निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर दिए गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए।
"मेरे तो गिरधर गोपाल, दूसरो न कोई।
जाके सिर मोर मुकुट, मेरो पति सोई॥"
"अँसुवन जल सींचि-सींचि, प्रेम बेलि बोई।
अब तो बेलि फैल गई, आनंद फल होई॥"
प्रश्न 1.1
मेरे तो गिरधर गोपाल, दूसरो न कोई' पंक्ति मीरा के व्यक्तित्व के किस पक्ष को सबसे प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करती है?
उत्तर:
यह पंक्ति मीरा की अटूट भक्ति, आत्मसमर्पण और आध्यात्मिक दृढ़ता को व्यक्त करती है। उन्होंने सांसारिक संबंधों, राजसी वैभव और सामाजिक बंधनों से ऊपर उठकर केवल श्रीकृष्ण को अपना सर्वस्व स्वीकार किया। यह उनकी निष्ठा, साहस और आध्यात्मिक स्वतंत्रता का परिचायक है।
प्रश्न 1.2
'अँसुवन जल सींचि-सींचि, प्रेम बेलि बोई' में आँसुओं का प्रयोग केवल दुख का प्रतीक है या आध्यात्मिक साधना का? तर्क सहित स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
यहाँ आँसू केवल दुख के नहीं, बल्कि भक्ति-साधना, प्रेम और आत्मसमर्पण के प्रतीक हैं। मीरा का प्रत्येक आँसू उनके ईश्वर-प्रेम को और अधिक गहरा बनाता है। इन्हीं आँसुओं से सींची गई प्रेम-लता अंततः आध्यात्मिक आनंद का फल देती है।
प्रश्न 1.3
मीरा के पदों के आधार पर स्पष्ट कीजिए कि सच्ची भक्ति व्यक्ति को सामाजिक बंधनों से किस प्रकार मुक्त करती है।
उत्तर:
मीरा की भक्ति उन्हें समाज की आलोचनाओं, राजपरिवार के विरोध और सांसारिक मोह से निर्भय बना देती है। सच्ची भक्ति व्यक्ति को बाहरी मान्यता की अपेक्षा से मुक्त कर आत्मिक शांति और स्वतंत्रता प्रदान करती है।
खंड — 2: अभिकथन एवं कारण (Assertion–Reason)
निर्देश: नीचे दिए गए प्रत्येक प्रश्न में अभिकथन (A) तथा कारण (R) दिए गए हैं। सही विकल्प चुनिए।
(क) A और R दोनों सही हैं तथा R, A की सही व्याख्या है।
(ख) A और R दोनों सही हैं, लेकिन R, A की सही व्याख्या नहीं है।
(ग) A सही है, लेकिन R गलत है।
(घ) A गलत है, लेकिन R सही है।
प्रश्न 2.1
अभिकथन (A): मीरा ने श्रीकृष्ण को ही अपना सर्वस्व माना।
कारण (R):उनके लिए सांसारिक संबंधों से अधिक महत्व ईश्वर-प्रेम का था।
उत्तर: (क)
प्रश्न 2.2
अभिकथन (A): मीरा के आँसू उनकी कमजोरी के प्रतीक हैं।
कारण (R):वे संसार के दुखों से भयभीत थीं।
उत्तर: (घ)
प्रश्न 2.3
अभिकथन (A):मीरा के पदों में भक्ति के साथ आत्मविश्वास भी दिखाई देता है।
कारण (R): वे समाज के विरोध के बावजूद अपने मार्ग से विचलित नहीं हुईं।
उत्तर: (क)
खंड — 3: बहुविकल्पीय प्रश्न (Multiple Choice Questions)
निर्देश: दिए गए प्रश्नों के लिए सही विकल्प चुनिए।
प्रश्न 3.1
'दूसरो न कोई' का भावार्थ क्या है?
(क)मीरा का कोई मित्र नहीं था।
(ख)मीरा केवल श्रीकृष्ण को अपना सर्वस्व मानती थीं।
(ग)मीरा अकेले रहना चाहती थीं।
(घ) मीरा संसार से क्रोधित थीं।
उत्तर: (ख)
औचित्य:यह पंक्ति मीरा की अनन्य भक्ति को व्यक्त करती है, जिसमें उनके लिए कृष्ण के अतिरिक्त कोई दूसरा नहीं है।
प्रश्न 3.2
'प्रेम बेलि' किसका प्रतीक है?
(क) सांसारिक प्रेम
(ख)धन-संपत्ति
(ग) ईश्वर के प्रति गहरा प्रेम
(घ) पारिवारिक संबंध
उत्तर: (ग)
प्रश्न 3.3
मीरा की भक्ति का सबसे प्रमुख गुण कौन-सा है?
(क)भय
(ख)स्वार्थ
(ग) समर्पण
(घ)क्रोध
उत्तर: (ग)
प्रश्न 3.4
मीरा के पदों का मुख्य संदेश क्या है?
(क)धन अर्जित करना
(ख) समाज से संघर्ष करना
(ग) ईश्वर के प्रति निष्काम प्रेम और भक्ति
(घ)राजसी जीवन जीना
उत्तर: (ग)
प्रश्न 3.5
'आनंद फल होई' से क्या अभिप्राय है?
(क) भौतिक सफलता
(ख) आध्यात्मिक आनंद और ईश्वर की प्राप्ति
(ग) सामाजिक सम्मान
(घ)धन की प्राप्ति
उत्तर: (ख)
खंड — 4: सुमेलित कीजिए (Match the Following)
निर्देश: स्तंभ A को स्तंभ B के साथ सुमेलित कीजिए।
क्र. | स्तंभ A | क्र. | स्तंभ B |
(i) | मीरा | (a) | अनन्य भक्ति |
(ii) | गिरधर गोपाल | (b) | आराध्य एवं परम आश्रय |
(iii) | प्रेम-बेल | (c) | आध्यात्मिक प्रेम का विकास |
(iv) | आँसू | (d) | साधना, समर्पण एवं प्रेम |
उत्तर: (i) — (a), (ii) — (b), (iii) — (c),(iv) — (d)
Additional Questions (अतिरिक्त प्रश्नोत्तर)
कवयित्री :मीराबाई
बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs)
1. मीराबाई किस भक्ति आंदोलन की प्रमुख कवयित्री थीं?
A) रीतिकाल
B) भक्तिकाल
C) आधुनिक काल
D) छायावाद
उत्तर: B) भक्तिकाल
2. मीरा अपने आराध्य किसे मानती थीं?
A) भगवान राम
B) भगवान शिव
C) श्रीकृष्ण
D) हनुमान
उत्तर: C) श्रीकृष्ण
3. "हरि आप हरो जन री भीर" में 'भीर' का अर्थ है—
A) जंगल
B) दुख या पीड़ा
C) युद्ध
D) मित्र
उत्तर: B) दुख या पीड़ा
4. मीरा भगवान कृष्ण की क्या बनकर रहना चाहती हैं?
A) रानी
B) भक्त
C) चाकर (सेविका)
D) मित्र
उत्तर: C) चाकर (सेविका)
5. "सत्य भक्ति" का सबसे बड़ा गुण क्या बताया गया है?
A) धन प्राप्त करना
B) पद प्राप्त करना
C) भगवान के प्रति समर्पण
D) प्रसिद्धि प्राप्त करना
उत्तर: C) भगवान के प्रति समर्पण
6. "पीताम्बर" किसका प्रतीक है?
A) भगवान राम
B) भगवान कृष्ण
C) शिव
D) विष्णु
उत्तर: B) भगवान कृष्ण
7. मीरा भगवान से किस समय दर्शन माँगती हैं?
A) दोपहर
B) आधी रात
C) सुबह
D) शाम
उत्तर: B) आधी रात
8 . मीरा की भाषा मुख्यतः किसका मिश्रण है?
A) हिंदी और अंग्रेज़ी
B) ब्रज, राजस्थानी और गुजराती
C) संस्कृत और उर्दू
D) पंजाबी और मराठी
उत्तर: B) ब्रज, राजस्थानी और गुजराती
लघु उत्तरीय प्रश्न (Short Answer Questions — 2–3 अंक)
प्रश्न 1: मीराबाई श्रीकृष्ण की चाकरी (नौकरी) क्यों करना चाहती हैं?
उत्तर:
मीराबाई श्रीकृष्ण से अनन्य प्रेम करती हैं और वे किसी भी तरह कृष्ण के सामीप्य रहना चाहती हैं। वे कृष्ण की चाकरी इसलिए करना चाहती हैं ताकि उनके लिए सुंदर बाग-बगीचे लगा सकें और रोज़ सुबह उठते ही सबसे पहले अपने आराध्य के दर्शन पा सकें। इसके अतिरिक्त, वे सेविका बनकर वृंदावन की कुंज-गलियों में कृष्ण की लीलाओं का गुणगान करना चाहती हैं। उनके लिए कृष्ण की सेवा ही जीवन का एकमात्र उद्देश्य है।
प्रश्न 2: 'तीनूं बाताँ सरसी' से मीरा का क्या तात्पर्य है?
उत्तर:
'तीनूं बाताँ सरसी' का तात्पर्य है कि कृष्ण की चाकरी करने से मीरा की तीनों इच्छाएँ एक साथ पूरी हो जाएँगी, जो इस प्रकार हैं: पहला, उन्हें रोज़ सुबह उठते ही अपने प्रभु के साक्षात दर्शन प्राप्त होंगे। दूसरा, कृष्ण का नाम स्मरण करने से उन्हें उनकी भक्ति मिलेगी । तीसरा, उन्हें कृष्ण की भाव-भक्ति रूपी जागीर प्राप्त होगी, जो कभी नष्ट नहीं हो सकती।
प्रश्न 3: मीराबाई ने श्रीकृष्ण के रूप-सौंदर्य का वर्णन किस प्रकार किया है?
उत्तर:
मीराबाई ने श्रीकृष्ण के मनमोहक रूप का सजीव वर्णन किया है। वे कहती हैं कि उनके प्रभु के सिर पर मोर पंखों से बना मुकुट सुशोभित है और उनके शरीर पर पीले वस्त्र अत्यंत सुंदर लग रहे हैं। उनके गले में वैजयंती फूलों की माला शोभा पा रही है। जब वे वृंदावन में गाय चराते हुए मधुर मुरली बजाते हैं, तो उनका यह रूप हर किसी का मन मोह लेता है।
प्रश्न 4: मीरा का हृदय श्रीकृष्ण से मिलने के लिए क्यों व्याकुल है और वे कहाँ मिलना चाहती हैं?
उत्तर:
मीराबाई श्रीकृष्ण को अपना सर्वस्व और पति मान चुकी हैं। उनके मन में कृष्ण के प्रति अगाध प्रेम और गहरी निष्ठा है। वे अपने आराध्य के दर्शन पाने के लिए इतनी अधिक उत्सुक हैं कि उनका हृदय व्याकुल हो उठा है, जिससे अब उनके लिए प्रतीक्षा करना कठिन हो रहा है। वे अपने प्रभु कृष्ण से आधी रात के समय यमुना नदी के किनारे एकांत में दर्शन देने की प्रार्थना करती हैं।
प्रश्न 5: मीराबाई के पदों की भाषा-शैली पर प्रकाश डालिए।
उत्तर:
मीराबाई के पदों की भाषा मुख्य रूप से राजस्थानी मिश्रित ब्रजभाषा है। चूंकि मीरा का जीवन राजस्थान और गुजरात के क्षेत्रों में भी बीता, इसलिए उनकी भाषा में गुजराती, खड़ी बोली और पूर्वी हिंदी के शब्दों का भी सुंदर समन्वय मिलता है। उनके पदों में गेयता और संगीतात्मकता का गुण है, तथा अलंकारों का प्रयोग बहुत ही स्वाभाविक और सहज रूप में हुआ है।
प्रश्न 6: मीराबाई श्रीकृष्ण को 'कुसुम्बी साड़ी' पहनकर दर्शन देने की बात क्यों कहती हैं?
उत्तर:
कुसुम्बी रंग प्रेम, अनुराग और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। मीरा श्रीकृष्ण के प्रति अपने गहरे प्रेम और समर्पण को प्रकट करना चाहती हैं। वे एक सुहागिन और अनन्य भक्त की तरह सज-धजकर अपने आराध्य के सामने जाना चाहती हैं ताकि वे कृष्ण का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर सकें और उनके दर्शन का पूरा आनंद उठा सकें।
प्रश्न 7: मीराबाई श्रीकृष्ण को 'नागर' और 'गिरधारी' कहकर क्यों पुकारती हैं?
उत्तर:
मीराबाई कृष्ण को नागर कहती हैं जिसका अर्थ है चतुर या सुंदर। वे कृष्ण की बुद्धिमत्ता और आकर्षण से प्रभावित हैं। वहीं गिरधारी का अर्थ है गिरि को धारण करने वाला। इस नाम के माध्यम से वे कृष्ण की अपार शक्ति और अपने भक्तों की रक्षा करने की उनकी क्षमता को याद करती हैं।
प्रश्न 8: प्रथम पद में मीराबाई ने किन-किन पौराणिक भक्तों के उदाहरण दिए हैं और क्यों?
उत्तर:
प्रथम पद में मीराबाई ने द्रौपदी, भक्त प्रह्लाद और ऐरावत हाथी के उदाहरण दिए हैं। ये उदाहरण देने का मुख्य कारण यह है कि मीरा कृष्ण को उनके भक्त-वत्सल और संकटहारी रूप की याद दिलाना चाहती हैं। वे कहना चाहती हैं कि जब आपने इतिहास में अपने इन सभी सच्चे भक्तों के कष्टों को दूर किया है, तो आप मेरी पीड़ा को क्यों नहीं हर रहे हैं?
प्रश्न 9: 'बिन्दरावन री कुंज गली में, गोविन्द लीला गास्यूँ' पंक्ति का भाव स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
इस पंक्ति का भाव यह है कि मीराबाई वृंदावन की लताओं से घिरी हुई संकरी और पवित्र गलियों में घूम-घूमकर अपने प्रभु कृष्ण की बाल-लीलाओं और उनकी महिमा के गीत गाना चाहती हैं। वे संसार के सभी सुखों को छोड़कर स्वयं को पूरी तरह से कृष्ण के गुणगान में विलीन कर देना चाहती हैं।
प्रश्न 10: मीराबाई के अनुसार संसार के लोग दुःख में क्यों डूबे हुए हैं?
उत्तर:
मीराबाई के अनुसार संसार के लोग अज्ञानता के कारण दुःख में डूबे हुए हैं। लोग भौतिक सुख-सुविधाओं, धन-दौलत और झूठे सांसारिक रिश्तों को ही सब कुछ मान बैठे हैं, जो कि नाशवान हैं। ईश्वर की सच्ची भक्ति को भूलकर मायाजाल में फँसे रहने के कारण ही संसार के लोग दुखी हैं।
दीर्घ उत्तरीय प्रश्न (Long Answer Questions — 5–6 अंक)
प्रश्न 1: मीराबाई के पदों के आधार पर उनकी भक्ति-भावना की विशेषताएँ लिखिए।
उत्तर:
मीराबाई की भक्ति-भावना की मुख्य विशेषताएँ निम्नलिखित हैं: दास्य और माधुर्य भाव: मीरा की भक्ति में दास्य भाव और माधुर्य भाव का सुंदर समन्वय है। वे कृष्ण के सामने पूरी तरह समर्पित हैं। अनन्यता और निःस्वार्थ प्रेम: मीरा का कृष्ण के प्रति प्रेम अनन्य है। वे सांसारिक सुख, धन-दौलत और समाज की लोक-लाज को त्यागकर केवल कृष्ण की होकर रहना चाहती हैं। अगाध श्रद्धा और विश्वास: मीरा को अपने आराध्य पर पूर्ण विश्वास है कि वे उनके सभी दुखों को दूर करेंगे। उनकी भक्ति में कोई भौतिक लालच नहीं है; वे केवल कृष्ण के नाम-स्मरण और दर्शन की अभिलाषी हैं।
प्रश्न 2: "हरि आप हरो जन री भीर" - इस पंक्ति के माध्यम से मीरा ने कृष्ण के भक्त-वत्सल रूप का वर्णन कैसे किया है?
उत्तर:
इस पंक्ति के माध्यम से मीराबाई भक्त-वत्सल श्रीकृष्ण से कहती हैं कि आपने हमेशा अपने भक्तों के कष्टों का निवारण किया है। जब भरी सभा में दुःशासन द्रौपदी का चीरहरण कर रहा था, तब आपने वस्त्र बढ़ाकर उनकी लाज बचाई। अपने परम भक्त प्रह्लाद की रक्षा करने के लिए आपने नृसिंह अवतार लिया और अत्याचारी हिरण्यकश्यप का वध किया। जब मगरमच्छ ऐरावत हाथी को पानी में डुबो रहा था, तब आपने उस तड़पते हुए गजराज को बचाया और उसके प्राणों की रक्षा की। मीरा कहती हैं कि हे प्रभु! जिस तरह आपने इन सब पर कृपा की, उसी तरह आप अपनी इस दासी मीरा के भी सारे कष्ट और सांसारिक दुखों को दूर कर दीजिए।
प्रश्न 3: मीराबाई समाज के अन्य लोगों को देखकर क्यों रोती हैं और कृष्ण को देखकर क्यों खुश होती हैं? पद के आधार पर स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
मीराबाई संसार के लोगों की अज्ञानता को देखकर रोती हैं। वे देखती हैं कि संसार के लोग भौतिक सुख-साधनों, मोह-माया और झूठे सांसारिक बंधनों में फंसकर अपने जीवन को नष्ट कर रहे हैं। लोग यह भूल चुके हैं कि वास्तविक सत्य ईश्वर भक्ति है। इसके विपरीत, जब मीरा कृष्ण के भक्तों को देखती हैं या कृष्ण के रूप का स्मरण करती हैं, तो वे अत्यधिक प्रसन्न हो जाती हैं। उन्हें लगता है कि कृष्ण की भक्ति ही जीवन का एकमात्र सच्चा सुख है और इसी से मोक्ष की प्राप्ति संभव है। इसलिए वे सांसारिकता से दूर होकर प्रभु के चरणों में लीन रहना चाहती हैं।
प्रश्न 4: मीरा के पदों में निहित संदेश या केंद्रीय भाव को अपने शब्दों में स्पष्ट कीजिए। अथवा
मीरा भक्ति के विषय में क्या संदेश देना चाहती हैं ?
उत्तर:
मीरा के पदों का मुख्य संदेश यह है कि ईश्वर की भक्ति ही हमें इस संसार के मायाजाल से पार लगा सकती है | हर कष्ट ,हर दुख, हर पीड़ा आदि सभी का निवारण केवल ईश्वर भक्ति में ही निहित है | मनुष्य जीवन की सार्थकता ईश्वर भक्ति करने में ही है | ईश्वर भक्ति के लिए लिए किसी बाहरी आडंबर या दिखावे की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि इसके लिए मन में पूर्ण समर्पण, प्रेम और अगाध श्रद्धा होनी चाहिए।
प्रश्न 5: मीरा का श्रीकृष्ण के प्रति समर्पण उनके सामाजिक विद्रोह का कारण बना। इस कथन की समीक्षा कीजिए।
उत्तर:
मीराबाई एक राजघराने की बहू थीं, जहाँ महिलाओं पर कई तरह के सामाजिक बंधन और पर्दे की प्रथा लागू थी। परंतु, मीरा ने श्रीकृष्ण को अपना पति मान लिया था और उनका यह प्रेम सांसारिक बंधनों से बहुत ऊपर था। वे साधु-संतों के साथ बैठकर कीर्तन करती थीं, मंदिरों में नाचती थीं और वृंदावन की गलियों में घूमती थीं| उनके ससुराल वालों ने इसे कुल की प्रतिष्ठा के विरुद्ध मानकर उन्हें रोकने का प्रयास किया और यहाँ तक कि उन्हें विष का प्याला भी भेजा। इस प्रकार, कृष्ण के प्रति मीरा का अनन्य समर्पण ही उनके सामाजिक विद्रोह का मुख्य कारण बना, क्योंकि उन्होंने समाज के झूठे नियमों की परवाह न करते हुए भक्ति का मार्ग चुना।
प्रश्न 6: "चाकरी में दरसण पास्यूँ सुमरण पास्यूँ खरची" पंक्ति के आधार पर स्पष्ट कीजिए कि मीराबाई भौतिक संपत्ति की तुलना में आध्यात्मिक संपत्ति को अधिक मूल्यवान क्यों मानती हैं? उत्तर:
मीराबाई के अनुसार संसार की भौतिक धन-संपत्ति क्षणभंगुर है, जो समय के साथ समाप्त हो जाती है और मनुष्य को लोभ व दुखों की ओर ले जाती है। इसके विपरीत, कृष्ण की सेवा करने से जो दर्शन, नाम-स्मरण और भाव-भक्ति मिलती है, वह एक ऐसी आध्यात्मिक संपत्ति या जागीर है जो कभी समाप्त नहीं हो सकती। कृष्ण का नाम-स्मरण उनके लिए दैनिक जेब-खर्च की तरह है जो आत्मा को तृप्ति देता है, और कृष्ण की भक्ति उनके लिए अटूट साम्राज्य है। इसलिए वे भौतिक ऐश्वर्य को छोड़कर आध्यात्मिक धन को सर्वोत्तम मानती हैं।
प्रश्न 7: मीराबाई श्रीकृष्ण के सामने दासी (चाकर) बनने के लिए भी तैयार हैं, जबकि वे स्वयं एक राजघराने से थीं। उनका यह कदम उनके किस मानसिक स्तर को दर्शाता है?
उत्तर:
मीराबाई का यह कदम उनके अहंकार-शून्यता, परम त्याग और कृष्ण के प्रति अगाध प्रेम के उच्च मानसिक स्तर को दर्शाता है। एक राजघराने की रानी होने के बावजूद, उनके मन में भौतिक सुखों, राजसी वैभव और उच्च सामाजिक पद के प्रति कोई आकर्षण या अहंकार नहीं था। वे समझ चुकी थीं कि ईश्वर के सामने राजा और रंक सब समान हैं। कृष्ण के सामीप्य को पाने के लिए वे अपने सामाजिक गौरव को भी भूल गईं। उनका यह निर्णय यह साबित करता है कि सच्ची भक्ति में व्यक्ति का अहंकार पूरी तरह से गल जाता है और वह ईश्वर की सेवा में ही परम आनंद का अनुभव करता. है।
प्रश्न 8: मीराबाई के दूसरे पद के आधार पर उनके 'ऊँचे-ऊँचे महल' और 'बारी' (फुलवारी) बनाने की योजना का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
मीराबाई अपने आराध्य श्रीकृष्ण के रहने के स्थान वृंदावन में ऊँचे-ऊँचे महलों का निर्माण करवाना चाहती हैं। उन विशाल महलों के बीच-बीच में वे सुंदर फुलवारियाँ लगाना चाहती हैं। वे इन फुलवारियों में विभिन्न प्रकार के सुंदर और सुगंधित फूल उगाना चाहती हैं। मीरा की यह योजना इसलिए है ताकि जब कृष्ण उन बगीचों में भ्रमण करने आएँ, तो मीरा कुसुम्बी रंग की साड़ी पहनकर अपने प्रभु के सुंदर रूप के दर्शन कर सकें। यह योजना कृष्ण के प्रति उनके अनन्य प्रेम और उनकी हर सुख-सुविधा का ध्यान रखने की भावना को प्रदर्शित करती है।
प्रश्न 9: श्रीकृष्ण द्वारा अपने भक्तों की रक्षा करने की जो कहानियाँ मीरा ने अपने पद में बताई हैं, उनसे आज के मनुष्य को क्या प्रेरणा मिलती है?
उत्तर:
मीराबाई द्वारा दिए गए द्रौपदी, प्रह्लाद और गजराज के उदाहरणों से आज के आधुनिक मनुष्य को यह प्रेरणा मिलती है कि जब व्यक्ति चारों ओर से संकटों से घिर जाए और कोई रास्ता न दिखे, तब भी उसे निराश नहीं होना चाहिए। ईश्वर पर अटूट विश्वास रखना चाहिए क्योंकि ईश्वर हर सच्चे और निश्छल हृदय की पुकार सुनते हैं। यह हमें विपरीत परिस्थितियों में धैर्य रखने, अहंकार का त्याग करने और संकट के समय पूरी निष्ठा से ईश्वर की शरण में जाने का संदेश देता है। यह प्रेरणा देता है कि धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने वालों की रक्षा स्वयं भगवान करते हैं।
प्रश्न 10: मीराबाई के पदों की प्रासंगिकता वर्तमान समाज में किस प्रकार सिद्ध होती है? उदाहरण सहित स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
वर्तमान समय में जहाँ समाज भौतिकतावाद, दिखावे, धन की अंधी दौड़ और मानसिक तनाव से जूझ रहा है, वहाँ मीराबाई के पद अत्यंत प्रासंगिक हैं। मीरा का जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची शांति और खुशी बाहरी सुख-साधनों में नहीं, बल्कि मन की संतुष्टि और आंतरिक भक्ति में है। मीरा ने उस दौर में सामाजिक रूढ़ियों और महिलाओं पर थोपे गए बंधनों का विरोध किया था, जो आज के समाज में भी महिलाओं को अपने अधिकारों और स्वतंत्रता के लिए खड़े होने की प्रेरणा देता है। उनके पद हमें निश्छल प्रेम, समानता और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठने का मार्ग दिखाते हैं।
Idioms (मुहावरे एवं शब्दार्थ)
कवयित्री :मीराबाई
शब्द -अर्थ
हरि / स्याम = भगवान श्रीकृष्ण ( Lord Krishna)
हरो = दूर करो या कष्ट हर लो (To remove / Resolve)
भीर = पीड़ा, दुःख या कष्ट (Pain / Trouble / Sorrow)
लाज = इज्जत या प्रतिष्ठा (Honor / Respect)
चीर = वस्त्र या साड़ी (Cloth / Saree)
नरहरि = नरसिंह अवतार (आधा मनुष्य, आधा सिंह) (Narsimha, incarnation)
सरीर = देह या काया (Body)
बूढ़तो = डूबता हुआ (Drowning)
गजराज = हाथियों का राजा (ऐरावत हाथी) (King of Elephants / Airavata)
राख्यो = रक्षा की या बचाया (Protected / Saved)
कुण्जर = हाथी (Elephant)
पीर = दर्द या कष्ट (Pain / Suffering)
चाकर = नौकर या सेविका (Servant)
रहस्यूँ = रहूँगी (Will stay / Will live)
नित = हमेशा या रोज़ (Daily / Every day)
दरसण = दर्शन (Sight / Vision of God)
पास्यूँ = पाऊँगी या प्राप्त करूँगी (Will get / Achieve)
कुंज = संकरी या तंग (Narrow / Shady lane)
सुमरण = याद करना या ईश्वर का नाम लेना (Remembrance / Meditation)
खरची = जेबखर्च (Pocket money / Expenses)
जागीरी = साम्राज्य या जागीर (Estate / Kingdom / Empire)
सरसी = पूरी होगी या सफल होगी (Will be solved / Accomplished)
पीताम्बर = पीले वस्त्र (Yellow garments)
सोहे = सुशोभित होना या अच्छा लगना (Looks beautiful / Suits)
वैजन्ती माला = वन के फूलों की सुंदर माला (A garland of wild flowers)
धेनु = गाय (Cow)
बारी = खिड़की या बगीचा (Window / Balcony)
साँवरिया = सांवले कृष्ण (Beloved Krishna)
कुसुम्बी =लाल या केसरिया रंग (Red / Saffron color)
तीराँ = किनारा (Bank / Shore)
हिवड़ो = हृदय या मन (Heart)
घणो = बहुत अधिक (Very much / Deeply)
अधीराँ = व्याकुल या बेचैन (Restless / Impatient)
प्रमुख मुहावरे ,उनके अर्थ और वाक्य प्रयोग
लाज रखना (Laaj Rakhna)
हिंदी अर्थ: मान-सम्मान बचाना या इज्जत की रक्षा करना।
English Meaning: To protect someone's honor or dignity.
वाक्य प्रयोग: जब दुर्योधन ने भरी सभा में द्रौपदी का चीरहरण करना चाहा, तब भगवान कृष्ण ने वस्त्र बढ़ाकर उनकी लाज रखी।
पीर काटना (Peer Kaatna)
हिंदी अर्थ: कष्टों का निवारण करना या दुख दूर करना।
English Meaning: To alleviate or end someone's suffering.
वाक्य प्रयोग: जब मगरमच्छ ने ऐरावत हाथी को जकड़ लिया, तो प्रभु ने सुदर्शन चक्र चलाकर उस कुञ्जर की पीर काटी।
कमर कसना (Kamar Kasna)
हिंदी अर्थ: किसी कार्य के लिए पूरी तरह तैयार होना।
English Meaning: To gird up one's loins / To get fully prepared for a task.
वाक्य प्रयोग: मीराबाई अपने आराध्य के दर्शन पाने और उनकी सेवा करने के लिए हमेशा कमर कसकर तैयार रहती थीं।
तीनूं बाताँ सरसी (Teenu Baata Sarasi)
हिंदी अर्थ: तीनों इच्छाएं पूरी होना या तीनों मनोरथ सिद्ध होना (दर्शन, नाम-स्मरण और भाव-भक्ति)।
English Meaning: To successfully achieve all three desired wishes.
वाक्य प्रयोग: मीरा का मानना है कि कृष्ण की चाकरी करने से उनके जीवन की तीनों बातें सरस
(पूरी) हो जाएंगी।
हिवड़ो अधीर होना (Hivado Adheer Hona)
हिंदी अर्थ: मन का अत्यधिक व्याकुल या बेचैन होना।
English Meaning: The heart becoming extremely restless or impatient.
वाक्य प्रयोग: अपने प्रियतम कृष्ण से मिलने के लिए मीराबाई का हिवड़ो घणो अधीर हो रहा है।
डेरा डालना (Dera Dalna)
हिंदी अर्थ: किसी स्थान पर स्थायी रूप से बस जाना या शरण ले लेना।
English Meaning: To settle down at a place / To make a temporary or permanent abode.
वाक्य प्रयोग: सांसारिक दुखों से परेशान होकर मीराबाई ने घर-बार त्याग दिया और हमेशा के लिए वृंदावन में डेरा डाल लिया।
लाड़ लड़ाना (Laad Ladaana)
हिंदी अर्थ: अत्यधिक प्रेम या स्नेह जताना।
English Meaning: To pamper / To shower deep love and affection.
वाक्य प्रयोग: मीराबाई अपने आराध्य श्री कृष्ण को केवल भगवान नहीं मानती थीं, बल्कि वे उनसे सखा की तरह लाड़ भी लड़ाती थीं।
उलाहना देना (Ulahna Dena)
हिंदी अर्थ: प्यार भरा शिकवा या शिकायत करना।
English Meaning: To complain lovingly / To reproach affectionately.
वाक्य प्रयोग: जब श्री कृष्ण दर्शन देने में देरी करते हैं, तो मीरा उन्हें उनके कर्तव्य याद दिलाते हुए उलाहना देने से भी पीछे नहीं हटतीं।
एकनिष्ठ होना (Eknishth Hona)
हिंदी अर्थ: किसी एक के प्रति पूरी तरह समर्पित और निष्ठावान होना।
English Meaning: To be single-mindedly devoted to someone.
वाक्य प्रयोग: राजसी वैभव को त्यागकर मीराबाई गिरधर गोपाल के प्रति पूरी तरह एकनिष्ठ हो गईं।
सुध-बुध खोना (Sudh-Budh Khona)
हिंदी अर्थ: अपने आपे में न रहना या पूरी तरह लीन हो जाना।
English Meaning: To lose oneself / To be completely lost in devotion or thoughts.
वाक्य प्रयोग: वृंदावन की गलियों में कृष्ण की बाँसुरी की तान सुनकर मीराबाई अपनी सुध-बुध खो बैठती थीं।
Practice Worksheets & Evaluation (अभ्यास वर्कशीट)
पद – Class 10 Hindi Practice Worksheet
Download or practice online to get your answers evaluated by teachers.