Chapter Summary (पाठ का सार एवं परिचय)
कवि : रवीन्द्रनाथ ठाकुर (Ravindranath Thakur)
'आत्मत्राण' कविता में कवि रवींद्रनाथ ठाकुर ने आत्मनिर्भरता, साहस, आत्मविश्वास और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास का संदेश दिया है।
इस कविता में कवि ईश्वर से अपने जीवन की कठिनाइयों और विपत्तियों को दूर करने की प्रार्थना नहीं करते, बल्कि उनका सामना करने की शक्ति माँगते हैं। वे चाहते हैं कि जीवन में चाहे कितनी भी परेशानियाँ आएँ, उनका मन भयभीत न हो और वे साहसपूर्वक हर कठिनाई पर विजय प्राप्त कर सकें।
कवि का मानना है कि यदि जीवन में कोई उनकी सहायता करने वाला न हो और उन्हें असफलताओं या नुकसान का सामना करना पड़े, तब भी उनका आत्मबल कमजोर नहीं होना चाहिए। वे ईश्वर से इतनी शक्ति चाहते हैं कि वे अपने जीवन की सभी जिम्मेदारियों और दुखों का बोझ स्वयं उठा सकें।
कवि यह भी चाहते हैं कि सुख के दिनों में वे ईश्वर को कभी न भूलें और दुःख के समय भी उन पर अपना विश्वास बनाए रखें। पूरी दुनिया साथ छोड़ दे, तब भी उनके मन में ईश्वर के प्रति कोई संदेह उत्पन्न न हो।
निष्कर्ष: इस कविता के माध्यम से कवि हमें सिखाते हैं कि सच्ची प्रार्थना मुसीबतों से बचने की नहीं, बल्कि उनका डटकर सामना करने की शक्ति प्राप्त करने की होनी चाहिए। मनुष्य को आत्मनिर्भर, साहसी और दृढ़ विश्वास वाला बनना चाहिए।
English:In the poem 'Atmataran', poet Rabindranath Tagore has given the message of self-reliance, courage, self-confidence and unwavering faith in God.
In this poem, the poet doesn't pray to God to remove the difficulties and adversities in his life, but rather asks for the strength to face them. He wishes that no matter what challenges life throws at him, he will not be afraid and will be able to overcome every challenge with courage.
The poet believes that even if no one is there to help him in life and he faces setbacks or losses, his self-confidence should not be weakened. He seeks from God the strength to bear the burden of all the responsibilities and sorrows of his life.
The poet also wants us to never forget God in times of happiness and to maintain our faith in Him even in times of sorrow. Even if the entire world abandons us, we should not have any doubts about God.
Conclusion: Through this poem, the poet teaches us that true prayer should not be about avoiding troubles, but about gaining the strength to face them boldly. Humans should be self-reliant, courageous, and have strong faith.
Questions and Answers (प्रश्नोत्तर)
कवि- रवींद्रनाथ ठाकुर
शब्दार्थ एवं भावार्थ
विपदाओं से रक्षा करो, यह मेरी याचना नहीं,
हे करुणामय! बस इतनी कृपा रहे कि,
किसी भी संकट में मैं भयभीत न होऊँ।
शब्दार्थ: विपदा -मुसीबत/कठिनाई , याचना -प्रार्थना , करुणामय -दयालु ,संकट -खतरा ,
व्याख्या: प्रस्तुत पंक्तियों में ,कवि ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहते हैं कि हे दयालु प्रभु! मैं आपसे यह नहीं चाहता कि आप मुझे जीवन की कठिनाइयों और मुसीबतों से बचाएँ। मेरी केवल इतनी इच्छा है कि जब भी मेरे जीवन में कोई विपत्ति आए, तो मैं उससे डरूँ नहीं और साहस के साथ उसका सामना कर सकूँ।
भावार्थ: कवि ईश्वर से जीवन की कठिनाइयों का सामना करने का साहस मांग रहा है ना कि उनसे बचने की प्रार्थना कर रहा है ।
2. दुःख-ताप से व्यथित चित्त को न दो सांत्वना नहीं सही
पर इतना होवे (करुणामय)
दुख को मैं कर सकूँ सदा जय।
शब्दार्थ: व्यथित -व्याकुल , सांत्वना - धीरज
व्याख्या: कवि कहते हैं कि हे प्रभु! यदि मेरे मन को दुःख और कष्टों से पीड़ित देखकर आप मुझे सांत्वना न भी दें, तो मुझे आपसे कोई शिकायत नहीं है। बस मुझे इतनी शक्ति प्रदान करें कि मैं अपने दुःखों और परेशानियों पर हमेशा विजय प्राप्त कर सकूँ।
भावार्थ: कवि जीवन के दुखों से घबराने की बजाय ,ईश्वर से अपने मनोबल को मजबूत करने के लिए कह रहा है जिससे कि वह अपने दुखों पर विजय प्राप्त कर सके ।
3. कोई सहायक न मिले
तो अपना बल पौरुष न हिले;
हानि उठानी पड़े जगत में लाभ अगर वंचना रही
तो भी मन में ना मानूँ क्षय।
शब्दार्थ:सहायक -मददगार , पौरुष -शूरता , वंचना -सुख का अभाव , क्षय-नाश
व्याख्या: कवि कहते हैं कि यदि जीवन में कभी कोई मेरी सहायता करने वाला न मिले, तब भी मेरा आत्मबल और साहस कम नहीं होना चाहिए। यदि संसार में ईमानदारी और सच्चाई के मार्ग पर चलते हुए मुझे नुकसान उठाना पड़े तथा लाभ ना भी मिले , तब भी मेरा मन निराश नहीं हो ,मेरा बल -पौरुष कम ना हो ।
भावार्थ: जीवन में किसी सहायक के ना होने पर, नुकसान होने पर , सुखों का अभाव होने पर भी कवि ईश्वर से अपने बल -पौरुष और साहस का नाश ना होने की प्रार्थना कर रहा है ।
4. मेरा त्राण करो अनुदिन तुम यह मेरी प्रार्थना नहीं
बस इतना होवे (करुणामय)
तरने की हो शक्ति अनामय।
शब्दार्थ: त्राण -रक्षा , अनुदिन -प्रतिदिन , अनामय-रोगमुक्त
व्याख्या: कवि कहते हैं कि हे प्रभु! मैं आपसे यह प्रार्थना नहीं करता कि आप प्रतिदिन मेरी रक्षा करें और मुझे सभी संकटों से मुक्त रखें। मेरी केवल यही इच्छा है कि आप मुझे इतनी आंतरिक शक्ति दें कि मैं जीवन रूपी सागर की कठिनाइयों को स्वयं पार कर सकूँ।
भावार्थ: कवि ईश्वर से जीवन रूपी सागर को पार करने की शक्ति मांग रहा है कि वह जीवन की सभी जिम्मेदारियों , रोग -शोक से उबर सके ।
5 . मेरा भार अगर लघु करके न दो सांत्वना नहीं सही।
केवल इतना रखना अनुनय-
वहन कर सकूँ इसको निर्भय।
शब्दार्थ: लघु -छोटा , अनुनय-प्रार्थना ,भार -बोझ
व्याख्या: कवि कहते हैं कि हे प्रभु! आप मेरे जीवन के दुखों और जिम्मेदारियों का बोझ कम नहीं करें और मुझे सांत्वना भी नहीं दें , तो कोई बात नहीं। बस मेरी इतनी प्रार्थना है कि मैं भयभीत हुए बिना ,पूरे मनोबल के साथ जीवन की सभी जिम्मेदारियों को पूरा सकूँ।
भावार्थ: कवि ईश्वर से जीवन के दुखों और जिम्मेदारियों का बोझ वहन करने की शक्ति मांग रहा है ।
6 . नत शिर होकर सुख के दिन में
तव मुख पहचानूँ छिन-छिन में।
दुःख-रात्रि में करे वंचना मेरी जिस दिन निखिल मही
उस दिन ऐसा हो करुणामय,
तुम पर करूँ नहीं कुछ संशय ।
शब्दार्थ: नत शिर-सिर झुकाए हुए , छिन-छिन-हर पल ,निखिल -पूर्ण , मही -धरती ,संशय -शंका
व्याख्या: कवि कहते हैं कि हे प्रभु! जब मेरे जीवन में सुख और खुशियों के दिन हों, तब भी मैं विनम्र रहकर हर पल आपका ध्यान करूँ और आपके प्रति आभार व्यक्त करूँ। यदि कभी जीवन में ऐसा कठिन समय आए, जब पूरी दुनिया मेरा साथ छोड़ दे और मैं अकेला पड़ जाऊँ, तब भी मेरा विश्वास आप पर बना रहे। मैं कभी भी आपकी कृपा और शक्ति पर संदेह न करूँ।
भावार्थ: कवि ईश्वर से कह रहा है कि मैं चाहे सुख का समय हो या फिर दुख का ,जब सारी दुनिया मेरा साथ छोड़ दे फिर भी मेरा आप पर विश्वास बना रहे और कभी इसके प्रति मेरे मन में शंका ना हो ।
प्रश्न 1 - कवि किससे और क्या प्रार्थना कर रहा है ?
उत्तर- कवि करुणामय ईश्वर से प्रार्थना कर रहा है कि वह उसे इतना बल दे कि वह स्वयं मुसीबतों का सामना कर सके, दुखों में भी ईश्वर को न भूले और उसका आत्मबल एवं विश्वास बना रहे।
प्रश्न 2- 'विपदाओं से मुझे बचाओ, यह मेरी प्रार्थना नहीं' - कवि इस पंक्ति के द्वारा क्या कहना चाहता है?
उत्तर- कवि का कहना है कि हे ईश्वर, मैं यह नहीं कहता कि मुझ पर कोई विपदा आए या मेरे जीवन में कोई दुख न आए बल्कि मैं खुद अपने दुखों से जूझना चाहता हूँ। कवि ईश्वर से हिम्मत और आत्मबल माँगता है। वह स्वयं संघर्ष करना चाहता है, वह चाहता है कि ईश्वर उसका प्रेरक बने, उसका सहायक नहीं।
प्रश्न 3- कवि सहायक के न मिलने पर क्या प्रार्थना करता है ?
उत्तर- कवि कहता है कि यदि ऐसी परिस्थिति आ जाए कि कोई सहायक भी न मिले (सहायता करने वाला) तो भी मेरा आत्मबल, साहस तथा बल-पौरुष बना रहे। अर्थात कवि ईश्वर से साहस माँग रहा है ताकि वह दुखों का सामना कर सके।
प्रश्न 4- अंत में कवि क्या अनुनय करता है ?
उत्तर- अंत में कवि अनुनय करता है कि उसे अपेक्षा नहीं है कि ईश्वर उसके दुख के भार को हल्का करे । वह स्वयं ही अपने दुःखों का निदान करे। वह अपने पौरुष बल को डगमगाने नहीं देना चाहता । वह नहीं चाहता कि ईश्वर हर मार्ग में, हर विपत्ति को सरल बना दे । विपत्ति में उसमें इतनी शक्ति भर दे कि सभी विपत्तियों का सामना कर सके । यदि जीवन संग्राम में धोखा खाना पडे तो भी वह हार न माने।
प्रश्न 5- 'आत्मत्राण' शीर्षक की सार्थकता कविता के संदर्भ में स्पष्ट कीजिए ।
उत्तर- 'आत्मत्राण' का अर्थ है आत्मा का त्राण अर्थात् आत्मा या मन के भय का निवारण, कवि चाहता है कि जीवन में आने वाले दुखों को वह निर्भय होकर सहन करे। दुख न मिले, ऐसी प्रार्थना वह नहीं करता बल्कि मिले हुए दुखों को सहने, उसे झेलने की शक्ति के लिए प्रार्थना करता है। इसलिए यह शीर्षक पूर्णतया सार्थक है।
प्रश्न 6- अपनी इच्छाओं की पूर्ति के लिए आप प्रार्थना के अतिरिक्त और क्या-क्या प्रयास करते हैं ? लिखिए ।
अथवा
प्रश्न- 'आत्मत्राण' कविता के आधार पर बताइए कि मनुष्य को ईश्वर के साथ-साथ किस पर विश्वास करना चाहिए ?
उत्तर- 'आत्मत्राण' कविता में मनुष्य को ईश्वर के साथ साथ अपने पौरुषबल, आत्मशक्ति और अतिरिक्त परिश्रम, संघर्ष, सहनशीलता, कठिनाइयों का सामना करना और सतत प्रार्थना जैसे मनोबल पर विश्वास करना चाहिए । इसका कारण यह है कि विपदाएँ प्रत्येक मनुष्य के जीवन में आती हैं। इस से कोई बच नहीं सकता। परंतु जिसके पास इन विपदाओं का सामना करने का पुरुषार्थ है, वही दुख को जीत सकता है। अपने आत्मबल से जीवन संग्राम में विजयी बन सकता है। अपने मनोबल से दुख के दिनों में आत्मबल बनाए रख सकता है। सामर्थ्यवान और साहसी पुरुष बड़ी से भी बड़ी हानि को ईश्वर के अस्तित्व पर संशय किए बिना सहन कर सकता है। इसलिए मनुष्य को परम सत्ता पर विश्वास रखने के साथ-साथ अपनी आत्मिक शक्ति एवं पौरुष बल पर भी भरोसा रखना चाहिए।
प्रश्न 7- क्या कवि की यह प्रार्थना आपको अन्य प्रार्थना गीतों से अलग लगती है ? यदि हाँ, तो कैसे ? उत्तर- यह प्रार्थना अन्य प्रार्थना गीतों से भिन्न है क्योंकि अन्य प्रार्थना गीतों में दास्य-भाव, आत्मसमर्पण, समस्त दुखों को दूर कर के सुख शांति की प्रार्थना, कल्याण, मानवता का विकास, ईश्वर सभी कार्य पूर्ण करे, ऐसी प्रार्थना होती है । परंतु इस कविता में कष्टों से छुटकारा नहीं, कष्टों को सहने की शक्ति के लिए प्रार्थना की गई है। यहाँ ईश्वर में आस्था बनी रहे तथा कर्मशील बने रहें, ऐसी प्रार्थना की गई है।
निम्नलिखित अंशों का भाव स्पष्ट कीजिए :-
1- नत शिर होकर सुख के दिन में
तब मुख पहचानूँ छिन-छिन में।
भावार्थ :- कवि ने इन पंक्तियों में प्रार्थना की है कि मेरा मस्तक झुका ही रहे, मुझ में सहदयता बनी रहे और मुझे
किसी अन्य के कष्ट का आभास हरदम बना रहे।
2- हानि उठानी पड़े जगत् में लाभ अगर वंचना रही
तो भी मन में ना मानूँ क्षय ।
भावार्थ:- यदि किसी कार्य-व्यापार में किसी के साथ ठगी करने पर ही लाभ की स्थिति बनती हो तो घाटा उठाना
पसंद करूँ और इस स्थिति में मन में जरा भी यह विचार न आए कि मुझे कुछ क्षति हुई है, मुझसे कुछ छिन गया है।
3- तरने की हो शक्ति अनामय
मेरा भार अगर लघु करके न दो सांत्वना नहीं सही ।
भावार्थ:- कवि प्रार्थना करता है कि रोग-शोक से उबरने के लिए प्रभु को न आना पड़े बल्कि वह स्वयं ही तर जाए।
मेरे कंधों पर जो जिम्मेदारियाँ हैं उनमें से कुछ कम करके मुझे ढाँढस भले ही न बँधाएँ, मगर हे सब पर दया करने
वाले, मुझे इतना विवेक अवश्य देना कि मैं अपने हिस्से के सभी दायित्व पूरे कर सकूँ ।
Competency Based Questions (योग्यता-आधारित प्रश्नोत्तर)
कवि: रवींद्रनाथ ठाकुर
खंड — 1: केस-आधारित प्रश्न (Case-Based Questions)
अनुदेश: निम्नलिखित काव्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर दिए गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए।
"विपदाओं से मुझे बचाओ, यह मेरी प्रार्थना नहीं
केवल इतना हो कि कभी न विपदा में पाऊँ भय।
दुख-ताप से व्यथित चित्त को न दो सांत्वना नहीं सही,
पर इतना होवे कि प्रभु दुख को मैं कर सकूँ विजय।
कोई सहायक न मिले तो अपना बल-पौरुष न हिले;
हानि उठानी पड़े जगत् में लाभ अगर वंचना रही
तो भी मन में ना मानूँ क्षय।"
प्रश्न 1.1
इस काव्यांश के आधार पर कवि ईश्वर से संकटों के निवारण की बजाय क्या अपेक्षा रखता है?
उत्तर:
कवि ईश्वर से दुखों और विपदाओं को दूर करने की प्रार्थना नहीं करता, बल्कि वह ईश्वर से निर्भयता, आत्मबल और दुखों पर विजय पाने की आन्तरिक शक्ति माँगता है।
प्रश्न 1.2
यदि आप जीवन में किसी कठिन परिस्थिति या असफलता का सामना कर रहे हों, तो इस काव्यांश से आपको क्या प्रेरणा मिलती है? अपने उत्तर का तर्क सहित समर्थन कीजिए।
उत्तर:
इस काव्यांश से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि विपरीत परिस्थितियों में दूसरों से सांत्वना या सहायता की आस रखने के बजाय हमें अपने आत्मबल, साहस और पौरुष पर भरोसा रखना चाहिए तथा कठिनाइयों से भागने के स्थान पर उनका डटकर सामना करना चाहिए।
प्रश्न 1.3
'लाभ अगर वंचना रही तो भी मन में ना मानूँ क्षय' — इस पंक्ति का जीवन के व्यावहारिक मूल्यों से क्या संबंध है?
उत्तर:
यह पंक्ति मनुष्य को ईमानदारी, धैर्य और मानसिक दृढ़ता की शिक्षा देती है। यदि ईमानदारी के मार्ग पर चलते हुए लाभ की जगह धोखा या हानि भी मिले, तब भी व्यक्ति को निराश होकर अपना मनोबल और नैतिक मूल्य नहीं खोने चाहिए।
प्रश्न 1.4
इस काव्यांश का सबसे उपयुक्त संदेश क्या है?
उत्तर:
विपत्तियों से भागना या ईश्वर पर निर्भर रहना सच्चा जीवन-दर्शन नहीं है; जीवन की हर चुनौती का सामना अपने आत्मबल, पुरुषार्थ और अटूट विश्वास से करना ही सच्ची प्रार्थना है।
खंड — 2: अभिकथन एवं कारण (Assertion–Reason)
निर्देश: नीचे दिए गए प्रत्येक प्रश्न में अभिकथन (A) तथा कारण (R) दिए गए हैं। सही विकल्प चुनिए।
(क) A और R दोनों सही हैं तथा R, A की सही व्याख्या है।
(ख) A और R दोनों सही हैं, लेकिन R, A की सही व्याख्या नहीं है।
(ग) A सही है, लेकिन R गलत है।
(घ) A गलत है, लेकिन R सही है।
प्रश्न 2.1
अभिकथन (A): कवि ईश्वर से अपने जीवन के दुखों का भार हल्का करने की प्रार्थना नहीं करता।
कारण (R): कवि स्वयं अपने पुरुषार्थ और सहनशीलता से दुखों का निदान करना चाहता है।
उत्तर: (क)
प्रश्न 2.2
अभिकथन (A):कवि चाहता है कि जीवन संग्राम में उसे कभी कोई धोखा न मिले।
कारण (R): कवि ईश्वर पर संशय किए बिना हर परिस्थिति में अपनी आस्था बनाए रखना चाहता है।
उत्तर: (घ)
प्रश्न 2.3
अभिकथन (A):आत्मत्राण' कविता अन्य पारंपरिक प्रार्थना गीतों से भिन्न है।
कारण (R): इसमें ईश्वर से सुख-सुविधाओं और सांत्वना की माँग न करके आत्मबल और कर्मशीलता की कामना की गई है।
उत्तर: (क)
खंड — 3: बहुविकल्पीय प्रश्न (Multiple Choice Questions)
निर्देश: दिए गए प्रश्नों के लिए सही विकल्प चुनिए।
प्रश्न 3.1
'आत्मत्राण' शब्द का सही अर्थ क्या है?
(क) आत्मा का विनाश
(ख) आत्मा या मन के भय का निवारण/रक्षा
(ग) ईश्वर का साक्षात्कार
(घ) दुखों से पलायन
उत्तर: (ख)
प्रश्न 3.2.
कवि सहायक न मिलने की स्थिति में ईश्वर से क्या प्रार्थना करता है?
(क) नया सहायक भेजने की
(ख) मार्ग बदलने की
(ग) अपना बल-पौरुष बने रहने की
(घ) दुखों को मिटाने की
उत्तर: (ग)
प्रश्न 3.3
'नत शिर होकर सुख के दिन में' पंक्ति के माध्यम से कवि किस गुण की अभिव्यक्ति करता है?
(क) अहंकार
(ख) नम्रता और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता
(ग) आलस्य
(घ) भय
उत्तर: (ख)
प्रश्न 3.4
'आत्मत्राण' कविता की मूल संवेदना क्या है?
(क) ईश्वर पर पूर्ण निर्भरता
(ख) कर्महीनता और भाग्यवादिता
(ग) आत्मबल, पुरुषार्थ और अटूट आस्था
(घ) सांसारिक सुखों की प्राप्ति
उत्तर: (ग)
प्रश्न 3.5
यह कविता किस मूल भाषा से हिंदी में अनूदित की गई है?
(क) संस्कृत
(ख) बांग्ला
(ग) गुजराती
(घ) मराठी
उत्तर: (ख)
खंड — 4: सुमेलित कीजिए (Match the Following)
निर्देश: स्तंभ A को स्तंभ B के साथ सुमेलित कीजिए।
क्र. | स्तंभ A | क्र. | स्तंभ B |
(i) | विपदाओं से बचाव न माँगना | (a) | विनम्रता और कृतज्ञता का भाव |
(ii) | सुख के दिनों में नत शिर रहना | (b) | आत्मबल और निर्भयता की इच्छा |
(iii) | संशय न होना | (c) | ईश्वर में निष्काम आस्था |
(iv) | पौरुष बल डगमगाना नहीं | (d) | स्वयं संघर्ष करने का संकल्प |
उत्तर: (i) — (b), (ii) — (a), (iii) — (c), (iv) — (d)
Additional Questions (अतिरिक्त प्रश्नोत्तर)
कवि- रवींद्रनाथ ठाकुर
कविता का विस्तृत उद्देश्य (Detailed Aim of the Poem)
प्रस्तुत कविता 'आत्मत्राण' में विश्वकवि रवींद्रनाथ ठाकुर ने पारंपरिक प्रार्थनाओं की प्रचलित धारणा से सर्वथा भिन्न एक अत्यंत व्यावहारिक, उदात्त और प्रेरणादायी जीवन-दर्शन प्रस्तुत किया है। साधारणतः मनुष्य जब संकट, दुख, विपत्ति या असफलता से घिर जाता है, तो वह ईश्वर के द्वार पर जाकर अपनी परेशानियों को दूर करने, जीवन को सुगम बनाने, सांत्वना पाने या अपनी ज़िम्मेदारियों के बोझ को हल्का करने की याचना करता है। परंतु इस कविता का मुख्य उद्देश्य मनुष्य को ईश्वर पर परजीवी बनाने के बजाय उसे पूर्णतः आत्मनिर्भर बनाना, उसके भीतर सुप्त पड़े आत्मबल को जगाना और उसमें जीवन-संग्राम की हर कठिनाई से स्वयं लड़ने का अदम्य साहस भरना है।
कवि ईश्वर से यह नहीं चाहते कि वे जीवन से दुखों का अस्तित्व ही मिटा दें या हर मार्ग को निष्कंटक बना दें। इसके विपरीत, वे ईश्वर से यह प्रार्थना करते हैं कि जीवन में चाहे कितनी भी विषम परिस्थितियाँ क्यों न आ जाएँ, उनका मन कभी भयभीत न हो। कवि का स्पष्ट मानना है कि जीवन में आने वाली प्रत्येक विपत्ति वास्तव में मनुष्य के पौरुष, धैर्य और आत्मिक शक्ति की परीक्षा होती है। अतः इस कविता के माध्यम से कवि पाठकों को यह महान संदेश देना चाहते हैं कि सच्चा ईश्वर-भक्त वह नहीं है जो दुखों से घबराकर ईश्वर से चमत्कार की उम्मीद करे, बल्कि वह है जो ईश्वर से केवल दुखों को सहने और उन पर विजय पाने का सामर्थ्य माँगे।
शीर्षक की विस्तृत सार्थकता (Justification of the Title)
'आत्मत्राण' शीर्षक अत्यंत गूढ़, विचारप्रधान और कविता की मूल संवेदना को पूर्णतः अभिव्यक्त करने वाला शब्द है। यह दो तत्सम शब्दों के मेल से बना है—'आत्म' (अर्थात आत्मा, स्वयं या अपना) और 'त्राण' (अर्थात रक्षा, मुक्ति, शरण या भय से निवारण)। अतः 'आत्मत्राण' का संपूर्ण शाब्दिक अर्थ है—'अपनी रक्षा स्वयं करना', 'आत्मा के भय का निवारण करना' अथवा 'स्वयं के बल पर संकटों से मुक्ति पाना'।
यदि हम कविता के मूल भाव पर दृष्टि डालें, तो कवि रवींद्रनाथ ठाकुर पूरी कविता में कहीं भी ईश्वर से अपनी रक्षा करने की गुहार नहीं लगाते। वे कहते हैं—'विपदाओं से मुझे बचाओ, यह मेरी प्रार्थना नहीं'। वे प्रभु से केवल इतनी शक्ति माँगते हैं कि उनका अपना बल-पौरुष कभी न डगमगाए। यहाँ त्राण किसी बाहरी शक्ति से नहीं, बल्कि व्यक्ति के अपने आंतरिक पौरुष और आत्मबल से ही संभव होता है। चूँकि पूरी कविता स्वयं अपने आत्मबल द्वारा संकटों को झेलने और आत्म-रक्षा करने के विचार के इर्द-गिर्द ही घूमती है, इसलिए यह शीर्षक सर्वथा उचित, सटीक और सार्थक है।
बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs)
प्रश्न 1. 'आत्मत्राण' कविता में कवि ईश्वर से किस प्रकार की सहायता चाहता है?
(क) दुखों से मुक्ति दिलाने की
(ख) विपदाओं से बचाने की
(ग) दुखों को सहने और उन पर विजय पाने की शक्ति
(घ) जीवन की ज़िम्मेदारियाँ कम करने की
उत्तर - (ग) दुखों को सहने और उन पर विजय पाने की शक्ति
प्रश्न 2. 'विपदाओं से मुझे बचाओ, यह मेरी प्रार्थना नहीं' - पंक्ति में कवि का क्या दृष्टिकोण व्यक्त हुआ है?
(क) पलायनवादी दृष्टिकोण
(ख) स्वावलंबी और साहसी दृष्टिकोण
(ग) निराशावादी दृष्टिकोण
(घ) ईश्वर-विरोधी दृष्टिकोण
उत्तर - (ख) स्वावलंबी और साहसी दृष्टिकोण
प्रश्न 3. कवि सहायक के न मिलने पर ईश्वर से क्या याचना करता है?
(क) नया सहायक भेजने की
(ख) अपना बल-पौरुष न डगमगाने देने की
(ग) संकट की घड़ी को टालने की
(घ) दुखों का भार आधा करने की
उत्तर - (ख) अपना बल-पौरुष न डगमगाने देने की
प्रश्न 4. 'लाभ अगर वंचना रही तो भी मन में ना मानूँ क्षय' - इस पंक्ति में 'वंचना' शब्द का क्या अर्थ है? (क) सफलता या लाभ
(ख) सांत्वना या तसल्ली
(ग) धोखा या छल-कपट
(घ) त्याग या समर्पण
उत्तर - (ग) धोखा या छल-कपट
प्रश्न 5. 'तरने की हो शक्ति अनामय' पंक्ति में 'अनामय' शब्द किस अर्थ में प्रयुक्त हुआ है? (क) अमर होकर
(ख) रोगरहित या स्वस्थ होकर
(ग) महान बनकर
(घ) धनवान होकर
उत्तर - (ख) रोगरहित या स्वस्थ होकर
प्रश्न 6. कवि सुख के दिनों में ईश्वर के प्रति अपना कौन-सा भाव प्रकट करता है?
(क) अहंकार का भाव
(ख) उदासीनता का भाव
(ग) नम्रता और ईश्वर के प्रति छिन-छिन कृतज्ञता
(घ) निश्चिंतता का भाव
उत्तर - (ग) नम्रता और ईश्वर के प्रति छिन-छिन कृतज्ञता
प्रश्न 7. 'दुख-रात्रि' शब्द कविता में किसका प्रतीक है?
(क) अंधकारमय समय, घोर संकट व आघातों का
(ख) रात के समय आने वाले दुःस्वप्न का
(ग) अज्ञानता का
(घ) नींद न आने की स्थिति का
उत्तर - (क) अंधकारमय समय, घोर संकट व आघातों का
प्रश्न 8. जब संपूर्ण संसार कवि के साथ धोखा करे, तब कवि ईश्वर से क्या चाहता है? (क) संसार का विनाश करना
(ख) ईश्वर के अस्तित्व व दया पर ज़रा भी संशय न होना
(ग) बदला लेने की शक्ति मिलना
(घ) ईश्वर से शिकायत करना
उत्तर - (ख) ईश्वर के अस्तित्व व दया पर ज़रा भी संशय न होना
प्रश्न 9. 'आत्मत्राण' कविता की मूल संवेदना और संदेश क्या है?
(क) दुखों के समय रोना और तसल्ली माँगना
(ख) ईश्वर पर चमत्कार के लिए निर्भर रहना
(ग) आत्मबल, पुरुषार्थ, आत्मनिर्भरता और निष्काम आस्था
(घ) जीवन की जिम्मेदारियों से भागना
उत्तर - (ग) आत्मबल, पुरुषार्थ, आत्मनिर्भरता और निष्काम आस्था
प्रश्न 10. कवि ईश्वर से अपनी ज़िम्मेदारियों (भार) के संबंध में क्या अनुनय करता है?
(क) भार को हल्का कर देने की
(ख) भार को किसी और को सौंपने की
(ग) भार को कम न करके, उसे उठाने की शक्ति देने की
(घ) भार को पूरी तरह मिटा देने की
उत्तर - (ग) भार को कम न करके, उसे उठाने की शक्ति देने की
निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए।
प्रश्न 1. “विपदाओं से मुझे बचाओ, यह मेरी प्रार्थना नहीं केवल इतना हो कि कभी न विपदा में पाऊँ भय।”
(i) प्रस्तुत पंक्तियों में कवि ईश्वर से क्या प्रार्थना नहीं कर रहा है और क्यों? विस्तृत उत्तर दीजिए।
उत्तर - प्रस्तुत पंक्तियों में कवि ईश्वर से यह प्रार्थना नहीं कर रहा है कि ईश्वर उस पर कभी कोई विपदा, संकट या दुख न आने दे और उसे हमेशा सुरक्षा का घेरा प्रदान करे। कवि का मानना है कि जीवन दुखों और सुखों का एक स्वाभाविक चक्र है। यदि मनुष्य पर संकट नहीं आएँगे, तो उसे अपनी आंतरिक क्षमता और सहनशीलता का ज्ञान नहीं हो सकेगा। कवि दुखों से भागने या किसी का आश्रय लेने के बजाय स्वयं संघर्ष करना चाहते हैं, इसलिए वे ईश्वर से संकटों को दूर करने की याचना नहीं करते।
(ii) कवि ईश्वर से किस बात की कामना करता है? इसका जीवन में क्या महत्व है?
उत्तर - कवि ईश्वर से यह कामना करता है कि जीवन में चाहे कितनी भी कठिन और प्रतिकूल परिस्थितियाँ आ जाएँ, उसका मन कभी भयभीत न हो और वह निर्भय होकर संकटों के सामने डटा रहे। जीवन में निर्भयता का बहुत बड़ा महत्व है; जब मनुष्य भयमुक्त हो जाता है, तभी वह अपनी पूर्ण बौद्धिक व शारीरिक क्षमता से विपरीत परिस्थितियों का सामना कर पाता है और संकटों पर विजय प्राप्त करने में सफल होता है।
(iii) इन पंक्तियों से कवि के व्यक्तित्व की कौन-कौन सी विशेषताएँ उभरकर सामने आती हैं?
उत्तर - इन पंक्तियों से कवि रवींद्रनाथ ठाकुर के व्यक्तित्व की कई महान विशेषताएँ उजागर होती हैं:
अदम्य साहसी एवं स्वाभिमानी: वे दुखों से घबराकर याचना करने वाले पराधीन व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि स्वाभिमान के साथ दुखों से जूझने वाले योद्धा हैं।
आत्मनिर्भरता: वे अपनी परेशानियों का हल किसी बाहरी सहारा या चमत्कार में ढूँढने के बजाय अपने पौरुष पर भरोसा रखते हैं।
उच्च जीवन-दर्शन: वे ईश्वर को दुखों का निवारक नहीं, बल्कि प्रेरणा और शक्ति का स्रोत मानते हैं।
(iv) कवि ईश्वर से सांत्वना पाने की इच्छा क्यों नहीं रखता?
उत्तर - कवि ईश्वर से सांत्वना इसलिए नहीं चाहता क्योंकि सांत्वना या सहानुभूति मनुष्य को मानसिक रूप से कमजोर और पराश्रित बना देती है। सांत्वना मिलने पर व्यक्ति अपने दुखों का रोना रोने लगता है और दूसरों की दया पर निर्भर हो जाता है। कवि अपने व्यथित मन को किसी झूठी तसल्ली से बहलाना नहीं चाहते, बल्कि वे अपने आत्मबल को इतना सुदृढ़ करना चाहते हैं कि वे स्वयं अपने दुखों को पराजित करके विजयी बन सकें।
प्रश्न 2. “कोई सहायक न मिले तो अपना बल-पौरुष न हिले; हानि उठानी पड़े जगत् में लाभ अगर वंचना रही तो भी मन में ना मानूँ क्षय।”
(i) एकाकी (अकेले) पड़ जाने की स्थिति में कवि ईश्वर से क्या कामना करता है? व्याख्या कीजिए।
उत्तर - जब जीवन के कठिन समय में कोई साथी, मित्र या सहायक साथ न दे और व्यक्ति पूरी तरह अकेला पड़ जाए, तब भी कवि ईश्वर से यह कामना करता है कि उसका अपना आत्मबल, साहस, धैर्य और पुरुषार्थ कभी न डगमगाए। कवि चाहते हैं कि संकट की घड़ी में बाहरी सहायता न मिलने पर भी उनकी मानसिक शक्ति अक्षुण्ण रहे और वे अकेले ही पूरे सामर्थ्य के साथ परिस्थितियों से लड़ सकें।
(ii) 'लाभ अगर वंचना रही' का क्या अर्थ है? कवि ऐसी स्थिति में मन में 'क्षय' न मानने की बात क्यों कहता है?
उत्तर - 'लाभ अगर वंचना रही' का अर्थ है कि यदि जीवन-यापन करते हुए सत्य, ईमानदारी और धर्म के मार्ग पर चलने के बावजूद व्यक्ति को लाभ की जगह केवल छल, धोखा, ठगी या हानि ही मिले। कवि ऐसी स्थिति में 'मन में क्षय न मानने' (अर्थात हिम्मत न हारने और मनोबल न घटने देने) की बात इसलिए कहते हैं क्योंकि भौतिक हानि से भी बड़ी हानि मन का टूटना है। यदि व्यक्ति का मन हार गया, तो वह जीवन में कभी उठ नहीं पाएगा; इसलिए विपरीत से विपरीत परिणामों में भी मानसिक दृढ़ता बनाए रखना अनिवार्य है।
(iii) 'मन में ना मानूँ क्षय' पंक्ति के माध्यम से कवि पाठकों को क्या व्यावहारिक सीख देना चाहता है?
उत्तर - इस पंक्ति के माध्यम से कवि पाठकों को यह व्यावहारिक सीख देना चाहते हैं कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी प्रतिकूल क्यों न हों, असफलताएँ या धोखे चाहे कितने भी मिले, मनुष्य को कभी भी निराशा और अवसाद के गर्त में नहीं गिरना चाहिए। जीवन में धन, संपत्ति या लाभ का नुकसान भरपाई योग्य है, परंतु यदि मनुष्य अपने आत्मबल और नैतिक मूल्यों का ह्रास होने देगा, तो उसका पतन निश्चित है।
(iv) इन पंक्तियों में निहित जीवन-मूल्य और संदेश को अपने शब्दों में स्पष्ट कीजिए।
उत्तर - इन पंक्तियों में आत्मनिर्भरता, अदम्य साहस, धैर्य और निष्काम कर्मशीलता का महान जीवन-मूल्य निहित है। इसका संदेश यह है कि जब संपूर्ण संसार भी आपके विरुद्ध हो जाए या आपको धोखा दे दे, तब भी अपने पुरुषार्थ पर विश्वास रखें। दूसरों के सहयोग की बैसाखियों के बिना जीना सीखें और अपनी असफलता या नुकसान को अपने आत्मबल पर हावी न होने दें।
प्रश्न 3. “मेरा भार अगर लघु करके न दो सांत्वना नहीं सही, केवल इतना रखना अनुनय— तरने की हो शक्ति अनामय।”
(i) 'मेरा भार अगर लघु करके न दो' पंक्ति से कवि का क्या तात्पर्य है?
उत्तर - इस पंक्ति से कवि का तात्पर्य यह है कि वे ईश्वर से अपने जीवन की ज़िम्मेदारियों, कर्तव्यों, कष्टों या दुखों के बोझ को कम करने या हल्का करने की सिफारिश नहीं करते। कवि यह नहीं चाहते कि ईश्वर चमत्कार करके उनके दुखों की तीव्रता को घटा दे। वे अपने जीवन के समस्त दायित्वों और कठिनाइयों का पूरा भार स्वयं अपने कंधों पर उठाने के लिए तैयार हैं।
(ii) कवि सांत्वना की जगह ईश्वर से क्या अनुनय (विनती) करता है और क्यों?
उत्तर - कवि सांत्वना की जगह ईश्वर से यह अनुनय करता है कि उसे निरोग रहकर (अनामय) दुखों के इस सागर को स्वयं तैरकर पार करने की शक्ति प्राप्त हो। कवि सांत्वना को केवल एक क्षणिक तसल्ली मानते हैं जो दुखों का वास्तविक समाधान नहीं करती। वास्तविक समाधान अपनी शक्ति को पहचानकर संकटों से बाहर निकलने में है, इसलिए कवि केवल कर्मशील रहने का सामर्थ्य माँगते हैं।
(iii) 'अनामय' शब्द का क्या अर्थ है? कविता में निरोग रहने की शक्ति माँगने का क्या औचित्य है?
उत्तर - 'अनामय' शब्द का शाब्दिक अर्थ 'रोगरहित', 'स्वस्थ' या 'संकटमुक्त' होता है। कविता में निरोग रहने की शक्ति माँगने का औचित्य यह है कि किसी भी प्रकार के संघर्ष को जीतने के लिए मनुष्य का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है। यदि व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से संतुलित रहेगा, तो वह अपनी आंतरिक शक्ति के बल पर बड़े से बड़े संकट से सफलता पूर्वक 'तर' (उबर) सकेगा।
(iv) कवि की यह प्रार्थना आम प्रार्थनाओं से किस प्रकार भिन्न है? सोदाहरण स्पष्ट कीजिए।
उत्तर - आम प्रार्थनाओं में भक्त ईश्वर के समक्ष दास्य-भाव या दीनता प्रकट करते हुए दुखों को दूर करने, सुख-समृद्धि देने और अपने कष्टों का निवारण करने की गुहार लगाते हैं। परंतु कवि रवींद्रनाथ ठाकुर की यह प्रार्थना पूर्णतः भिन्न है; इसमें दुखों से मुक्ति नहीं, बल्कि दुखों को सहने का साहस माँगा गया है। इसमें ईश्वर से काम करवाने की नहीं, बल्कि स्वयं कर्म करने की शक्ति माँगने की उदात्त भावना है।
प्रश्न 4. “नत शिर होकर सुख के दिन में तब मुख पहचानूँ छिन-छिन में। दुख-रात्रि में करे वंचना विषय जगत् जिस दिन सारा, उस दिन प्रभु करूँ न संशय तुम पर कुछ भी।”
(i) 'सुख के दिन में नत शिर होना' कवि के किस उच्च विचार को व्यक्त करता है?
उत्तर - यह विचार कवि की अगाध नम्रता, निरहंकारिता और ईश्वर के प्रति गहरी कृतज्ञता को व्यक्त करता है। प्रायः मनुष्य सुख और समृद्धि मिलते ही अहंकारी हो जाता है और ईश्वर को भूल बैठता है। परंतु कवि सुख के पलों में भी अपना मस्तक ईश्वर के चरणों में झुकाकर रखना चाहते हैं ताकि वे सफलता के मद में अंधे न हों और ईश्वर की कृपा को सदैव याद रखें।
(ii) 'तब मुख पहचानूँ छिन-छिन में' पंक्ति का भाव स्पष्ट कीजिए।
उत्तर - इस पंक्ति का भाव यह है कि कवि सुख और आनंद के हर क्षण में ईश्वर की सत्ता, उनकी सर्वव्यापकता और उनकी महत्ता का अहसास करना चाहते हैं। कवि सुख के दिनों में ईश्वर से विमुख नहीं होना चाहते, बल्कि हर पल (छिन-छिन) ईश्वर की उपस्थिति को महसूस करके उनके प्रति आभारी रहना चाहते हैं।
(iii) 'दुख-रात्रि' किसका प्रतीक है? इस कठिन परिस्थिति के लिए कवि क्या संकल्प लेता है?
उत्तर - 'दुख-रात्रि' घोर विपत्तियों, कष्टों, आघातों और निराशा से भरे अंधकारमय समय का प्रतीक है। जब व्यक्ति चारों ओर से दुखों से घिर जाता है और संपूर्ण संसार उसे धोखा दे देता है, तब वह स्थिति 'दुख-रात्रि' कहलाती है। इस कठिन परिस्थिति के लिए कवि यह दृढ़ संकल्प लेता है कि चाहे संपूर्ण जगत उसके साथ छल करे और ईश्वर की सत्ता पर सवाल उठाए, तब भी वह ईश्वर की न्यायप्रियता और अस्तित्व पर ज़रा भी संशय (संदेह) नहीं करेगा।
(iv) कवि ईश्वर के प्रति निष्काम आस्था क्यों बनाए रखना चाहता है?
उत्तर - कवि ईश्वर के प्रति निष्काम आस्था इसलिए बनाए रखना चाहते हैं क्योंकि उनका ईश्वर पर विश्वास किसी सौदेबाजी या स्वार्थ पर आधारित नहीं है। आम लोग दुख आने पर ईश्वर को कोसने लगते हैं या उन पर अविश्वास करने लगते हैं, परंतु कवि का मानना है कि सच्चा विश्वास वही है जो सुख और दुख दोनों में एक समान बना रहे। कवि का ईश्वर पर अटूट और निश्चल प्रेम है जो किसी भी भौतिक परिस्थिति से प्रभावित नहीं होता।
प्रश्न 5. 'आत्मत्राण' कविता के आधार पर बताइए कि जीवन-संग्राम में सफलता और विजय पाने के लिए कवि ने कौन-कौन से मुख्य मार्ग सुझाए हैं? विस्तृत विवेचना कीजिए।
उत्तर - 'आत्मत्राण' कविता में कवि रवींद्रनाथ ठाकुर ने जीवन के संघर्षों में सफलता प्राप्त करने और दुखों पर विजय पाने के लिए निम्नलिखित अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग और सूत्र सुझाए हैं:
अदम्य आत्मबल और निर्भयता: जीवन में जब भी संकट या विपदाएँ आएँ, तो उनसे डरकर भागने के बजाय उनका सामना पूरी निडरता और आत्मबल के साथ करना चाहिए।
स्वावलंबन और पुरुषार्थ: दूसरों की सहायता, सांत्वना या सहानुभूति की आस छोड़ देनी चाहिए। संकट के समय जब कोई सहायक न मिले, तब भी अपने पौरुष और मेहनत पर अटूट भरोसा रखना चाहिए।
धैर्य और मानसिक सुदृढ़ता: यदि सत्य और ईमानदारी के मार्ग पर चलते हुए लाभ के स्थान पर हानि या धोखा भी मिले, तब भी मन में निराश नहीं होना चाहिए और अपने मनोबल को टूटने नहीं देना चाहिए।
कर्तव्यों का स्वयं निर्वहन: अपनी ज़िम्मेदारियों के बोझ को हल्का करने की याचना करने के स्थान पर उन्हें स्वयं उठाने की क्षमता विकसित करनी चाहिए।
सुख में विनम्रता और दुख में अटूट आस्था: सुख के दिनों में अहंकार से बचकर विनम्र (नत शिर) रहना चाहिए और घोर दुखों व संकटों की 'दुख-रात्रि' में भी ईश्वर के अस्तित्व व उनकी दया पर कभी संशय नहीं करना चाहिए।
Idioms (मुहावरे एवं शब्दार्थ)
कवि: रवींद्रनाथ ठाकुर
शब्द -अर्थ
आत्मत्राण = आत्मरक्षा, स्वयं की रक्षा(Self-deliverance / Salvation / Protection of the soul)
विपदा = संकट, मुसीबत या विपत्ति (Adversity / Calamity / Trouble)
चित्त = मन या हृदय (Mind / Heart / Inner self)
व्यथित = दुखी या पीड़ित (Pained / Distressed / Troubled)
सांत्वना = ढांढस या तसल्ली (Consolation / Solace / Comfort)
पौरुष = पराक्रम, साहस, पुरुषार्थ (Bravery / Valor / Strength)
वंचना = धोखा, छल या ठगी (Deception / Cheat / Fraud)
क्षय = हानि, कमी, नाश, पतन(Loss / Decline / Destruction)
अनामय = रोगरहित, स्वस्थ या संकटमुक्त (Disease-free / Healthy / Unharmed)
लघु = हल्का या छोटा (Light / Small)
ढांढस = सांत्वना, तसल्ली, हिम्मत बँधाना (Consolation / Reassurance / Encouragement)
नत शिर = सिर झुकाकर या विनम्र होकर (Bowed head / Humble / Respectful)
छिन-छिन = क्षण-क्षण या हर पल (Every moment / Constantly)
संशय = शक, संदेह या अविश्वास (Doubt / Uncertainty / Suspicion)
अनुनय =विनय, प्रार्थना या मिन्नत (Entreaty / Humble plea / Request)
त्राण = रक्षा, बचाव या मुक्ति (Deliverance / Protection / Salvation)
प्रमुख मुहावरे ,उनके अर्थ और वाक्य प्रयोग
मन में क्षय न मानना
हिंदी अर्थ: हतोत्साहित न होना, हार न मानना या हिम्मत न हारना।
English Meaning: Not losing heart / Not giving up in adversity.
वाक्य प्रयोग: व्यापार में भारी घाटा होने के बावजूद रमेश ने मन में क्षय नहीं माना और पुनः नए उत्साह से काम शुरू किया।
नत शिर होना
हिंदी अर्थ: सिर झुकाना, अत्यंत विनम्र होना या कृतज्ञता प्रकट करना।
English Meaning: To bow one's head in humility or gratitude.
वाक्य प्रयोग: सुख के दिनों में भी हमें ईश्वर के समक्ष नत शिर होकर उनका धन्यवाद करना चाहिए।
दुखों पर विजय पाना
हिंदी अर्थ: संकटों और कठिनाइयों को सफलतापूर्वक पार कर लेना या उन पर जीत हासिल करना।
English Meaning: To overcome sufferings / To conquer hardships.
वाक्य प्रयोग: कवि ईश्वर से प्रार्थना करता है कि उसे दुखों पर विजय पाने का आत्मबल और साहस मिले।
भार हल्का करना
हिंदी अर्थ: ज़िम्मेदारी, कष्ट या बोझ को कम करना।
English Meaning: To lighten the burden or responsibility.
वाक्य प्रयोग: माता-पिता का भार हल्का करने के लिए रोहन पढ़ाई के साथ-साथ छोटा-मोटा काम भी करने लगा।
संशय न होना
हिंदी अर्थ: मन में ज़रा भी शक या अविश्वास न रहना।
English Meaning: To have unwavering faith / No doubt at all.
वाक्य प्रयोग: कठिन से कठिन परिस्थिति में भी भक्त को ईश्वर की दयालुता पर कभी संशय नहीं होना चाहिए।
जीवन संग्राम
हिंदी अर्थ: जीवन में आने वाले निरंतर संघर्ष और चुनौतियाँ।
English Meaning: Battle of life / Struggles of life.
वाक्य प्रयोग: इस कठिन जीवन संग्राम में वही विजयी होता है जो निर्भय होकर परिश्रम करता है।
Practice Worksheets & Evaluation (अभ्यास वर्कशीट)
आत्मत्राण – Class 10 Hindi Practice Worksheet
Download or practice online to get your answers evaluated by teachers.