Chapter Summary (पाठ का सार एवं परिचय)
कवि: सुमित्रानंदन पंत (Sumitranandan Pant)
पाठ का सार
'पर्वत प्रदेश में पावस' प्रकृति के कवि सुमित्रानंदन पंत द्वारा लिखित कविता है। कवि ने पर्वतीय प्रदेश का मानवीकरण करते हुए प्रकृति के मनोरम सौंदर्य तथा वर्षा ऋतु में क्षण- क्षण होने वाले परिवर्तनों और अलौकिक दृश्यों का बड़ा ही सजीव एवं सूक्ष्म चित्रण किया है। कवि कहता है कि विशालकाय पर्वत मानो अपने ही विशाल रूप को अपने चरणों में स्थित बड़े-बड़े तालाबों में अपने हज़ारों सुमन रूपी नेत्रों से निहारते हुए अचंभित हो रहा है। बहते हुए झरने ऐसे प्रतीत हो रहे हैं, जैसे पर्वतों ने मोतियों सरीखी लड़ियों पहन रखी हों। पहाड़ों के सीनों को फाड़कर उच्च आकांक्षाओं से युक्त पेड़ मानो एकटक शांत आकाश को निहार रहे हों। फिर अचानक ही पर्वत मानो बादल रूपी यान में परों को फड़फड़ाते हुए उड़ गए हों, जैसे कि इंद्र ही अपना इंद्रजाल फैला रहे हों। कभी-कभी तो ऐसा भी मालूम होता है मानो पृथ्वी पर आसमान टूट पड़ा हो तथा भय से विशाल शाल के पेड़ जमीन में धँस गए हों। तालाबों से उठती भाप ऐसी जान पड़ती है, मानो उनमें आग लग गई हो और धुआँ उठ रहा हो। इस प्रकार कवि ने कविता में मानवीय मूल्यों का सुंदर समावेश करते हुए अपनी कल्पनाओं को चित्रात्मक एवं प्रभावशाली भाषा के माध्यम से प्रस्तुत किया है। पर्वत पर खिले सहस्र फूलों का पर्वतों के नेत्र के रूप में वर्णन किया है ।
English: “Parvat Pradesh Mein Paavas” is a poem written by Sumitranandan Pant, a renowned poet of nature. In this poem, the poet personifies the mountainous region and presents a vivid and delicate description of the enchanting beauty of nature, along with the moment-to-moment changes and extraordinary scenes that occur during the rainy season.
The poet says that the gigantic mountains seem to be admiring their own majestic form in the large lakes lying at their feet, as if they were looking at themselves through their thousands of eyes in the form of flowers. The flowing waterfalls fill the veins of the viewers and readers with excitement, joy, and enthusiasm. These waterfalls appear as though the mountains are wearing strings of pearls.
Trees, growing out of the mountain slopes with lofty aspirations, seem to be gazing silently and steadily at the calm, open sky. Suddenly, the mountains appear to have flown away in a cloud-like vehicle, flapping their wings, as if Lord Indra himself were spreading his magical illusion across the sky.
At times, it even seems as though the sky has collapsed upon the earth and the huge Shal trees have sunk into the ground out of fear. The steam rising from the lakes appears as if the lakes have caught fire and smoke is rising from them.
Thus, the poet presents the poem through personification, beautiful imagination, and vivid pictorial language. He describes the thousands of flowers blooming on the mountains as the eyes of the mountains, creating a beautiful and lively picture of nature during the rainy season.
Questions and Answers (प्रश्नोत्तर)
लेखक:सुमित्रानंदन पंत
शब्दार्थ एवं भावार्थ
1.पावस ऋतु थी, पर्वत प्रदेश,
पल-पल परिवर्तित प्रकृति-वेश ।
मेखलाकार पर्वत अपार
अपने सहस्र दृग-सुमन फाड़
अवलोक रहा है बार-बार
नीचे जल में निज महाकार,
जिसके चरणों में पला ताल
दर्पण-सा फैला है विशाल !
शब्दार्थ: पावस ऋतु-वर्षा ऋतु, मेखलाकार-करधनी या गोल आकार की पहाड़ी की ढाल, अपार- असंख्य, असीम, सहस्र-हज़ारों, दृग-सुमन-फूल रूपी आँखें, फाड़-खोलकर, अवलोक रहा - देख रहा, निज-अपना, महाकार-विशाल आकार, ताल-तालाब, दर्पण-आईना
भावार्थ: प्रस्तुत कविता में कवि वर्षा ऋतु में प्रकृति के सौंदर्य का चित्रण करते हुए कह रहे हैं कि वर्षा ऋतु में पर्वतीय प्रदेश की सुंदरता और अधिक बढ़ जाती है। वर्षा ऋतु में प्रकृति भिन्न-भिन्न रूप धारण कर लेती है। कभी बिजली चमकती है, कभी काले बादल घिर आते हैं तो कभी चारों ओर धुंध फैल जाती है। वर्षा ऋतु में गोलाकार विशाल पर्वत पर हज़ारों रंग-बिरंगे फूल खिल जाते हैं और ऐसा प्रतीत होता है जैसे पर्वत, फूल रूपी अपने हजारों नेत्रों से नीचे आईने के समान बहते निर्मल जल वाले तालाब में अपने विशाल आकार को देख रहे हों।
विशेष : मानवीकरण अलंकार का प्रयोग किया गया है। 'दृग सुमन' में रूपक अलंकार का प्रयोग है। 'दर्पण-सा' में उपमा अलंकार का प्रयोग है। 'पल पल' में पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार का प्रयोग है।
2. गिरि मद में नस-नस उत्तेजित कर
का गौरव गाकर झर-झर
मोती की लड़ियों से सुंदर
झरते हैं झाग भरे निर्झर !
गिरिवर के उर से उठ उठ कर
उच्चाकांक्षाओं से तरुवर
हैं झाँक रहे नीरव नभ पर
अनिमेष, अटल, कुछ चिंतापर।
शब्दार्थ: गिरि-पर्वत, गौरव-महिमा, मद-मस्ती, निर्झर-झरना, गिरिवर-ऊँचा पर्वत, उर-हृदय, उच्चाकांक्षा-ऊँची आकांक्षाएँ, तरुवर-वृक्ष, नीरव-शांत, अनिमेष-अपलक, अटल-स्थिर, चिंता पर- चिंता में मग्न
भावार्थ: कवि वर्षा ऋतु में झरनों में आए नए जोश और सौंदर्य का मनोहारी वर्णन करते हुए कह रहे हैं कि झाग से उछाले मारते झरने झर-झर का नाद कर रहे हैं और इससे ऐसा प्रतीत होता है जैसे वे पर्वत की उच्चता का यशोगान कर रहे हैं। झरनों का स्वर रोम-रोम में नए जोश और मस्ती का संचार कर रहा है। झाग से भरे झरते हुए झरनों का पानी मोती की लड़ियों-सा सुंदर लग रहा है। ऊँचे पर्वत पर वर्षा में नहाए हुए अनेक वृक्ष बहुत सुंदर दिख रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है जैसे ये ऊँचे वृक्ष पर्वत के हृदय में रहने वाली महत्त्वाकांक्षाएँ हैं। जिस प्रकार व्यक्ति चिंता में डूबने पर सूनी आँखों से आकाश की ओर देखता है, उसी प्रकार ये वृक्ष एकटक मौन होकर आकाश की ओर देख रहे हैं अर्थात वे भी किसी चिंता में डूबे हुए हैं ।
विशेष : मानवीकरण अलंकार का प्रयोग किया गया है। 'मोतियों से सुंदर' 'उच्चाकांक्षाओं से तरुवर' में उपमा अलंकार का प्रयोग है।
3.उड़ गया, अचानक लो, भूधर
फड़का अपार पारद के पर!
रव-शेष रह गए हैं निर्झर !
है टूट पड़ा भू पर अंबर !
शब्दार्थ:भूधर-पहाड़, अपार-बहुत अधिक, पारद के पर-पारे के समान सफेद या चमकीले पंख, पारद (वारिद) बादल, रव-शेष-केवल शोर या आवाज का रह जाना
भावार्थ: कवि बादलों के छाने पर प्रकृति में आए पूर्ण परिवर्तन का वर्णन करते हुए कहते हैं कि अचानक बादलों ने धुंध फैला दी और दृश्यता कम हो गई । इसी कारण जो पर्वत कुछ समय पहले तक दिख रहा था, वह एकदम न जाने कहाँ उड़ गया अर्थात दिखाई देना बंद हो गया। एकदम पारे के समान श्वेत बादल रूपी पंखों के फड़फड़ाने से धुंध छा गई और दिखाई देना बंद हो गया। केवल झरने की आवाज़ ही सुनाई दे रही है। ऐसा लगता है कि नीला आकाश टूटकर धरती पर गिर गया हो।
विशेष : मानवीकरण अलंकार का प्रयोग किया गया है। 'वारिद के पर', में रूपक अलंकार का प्रयोग है।
4. धँस गए धरा में सभय शाल !
उठ रहा धुआँ, जल गया ताल!
यों जलद-यान में विचर-विचर
था इंद्र खेलता इंद्रजाल ।
शब्दार्थ: धरा-ज़मीन, धरती, सभय-डरकर, शाल-पहाड़ों पर पाए जाने वाले वृक्ष, ताल-तालाब, जलद-यान-बादल रूपी विमान, विचर-घूम-घूमकर, इंद्रजाल-वारिश के देवता इंद्र की जादूगरी
भावार्थ: चारों ओर काले बादलों की धुंध-सी छा गई जिस कारण ऊँचे सीधे तने खड़े हुए वृक्ष डर कर धरती में समा गए अर्थात कहीं दिखाई नहीं दे रहे। वह बड़ा तालाब भी अब दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे तालाब जल रहा हो और उसमें से धुआँ निकल रहा हो। यह सब देखकर ऐसा लगता है जैसे वर्षा के देवता इंद्र अपने बादल रूपी विमान पर सवार होकर निकले हैं और अनेक प्रकार के जादूगरी के खेल खेल रहे हैं।
विशेष : मानवीकरण अलंकार का प्रयोग किया गया है।
(क) निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लिखिए-
प्रश्न 2.1. पावस ऋतु में प्रकृति में कौन-कौन से परिवर्तन आते हैं? कविता के आधार पर स्पष्ट कीजिए । अथवा 'पर्वत-प्रदेश में पावस' कविता के आधार पर लिखिए कि पर्वतीय क्षेत्रों में पावस ऋतु में क्या- क्या परिवर्तन होते है?
उत्तर- पावस ऋतु में प्रकृति में पल-पल बहुत -से मनोहारी परिवर्तन आते हैं। जैसे-
(i) पर्वत, ताल, झरने आदि भी मनुष्यों की ही भाँति भावनाओं से ओत-प्रोत दिखाई देते हैं।
(ii) विशालकाय पर्वत ताल के जल में अपना महाकार देखकर हैरान सा दिखाई देता है।
(iii) पर्वतों से बहते हुए झरने मोतियों की लड़ियों से प्रतीत होते हैं।
(iv) बादलों की ओट में छिपे पर्वत को देखकर ऐसा लगता है कि मानो वह पंख लगाकर कहीं उड़ गया हो तथा तालाबों में से उठता हुआ वाष्प (भाप) धुएँ की भाँति प्रतीत होता है।
प्रश्न 2.2. 'मेखलाकार' शब्द का क्या अर्थ है? कवि ने इस शब्द का प्रयोग यहाँ क्यों किया है? अथवा 'पर्वत प्रदेश में पावस' कविता में पर्वतों को 'मेखलाकार पर्वत अपार' कहने का कवि का क्या अभिप्राय है? स्पष्ट कीजिए
उत्तर- 'मेखलाकार' शब्द का अर्थ है- 'करधनी' के आकार के पहाड़ की ढाल, अर्थात जिसने चारों ओर से घेरा बनाया हुआ हो। कवि ने इस शब्द का प्रयोग यहाँ इसलिए किया है क्योंकि ये पर्वत संपूर्ण पर्वत प्रदेश में चारों ओर से करधनी के समान गोलाकार घेरा बनाकर खड़े प्रतीत होते हैं।
प्रश्न 2.3. 'सहस्र दृग-सुमन' से क्या तात्पर्य है? कवि ने इस पद का प्रयोग किसके लिए किया होगा?
उत्तर- पर्वत अपने चरणों में स्थित तालाब में अपने हजारों सुमन रूपी नेत्रों से अपने ही प्रतिबिंब को निहारते हुए प्रतीत होता है। पर्वत पर खिले सहस्र फूलों का पर्वतों के नेत्र के रूप में मानवीकरण किया गया है। इस तरह से स्पष्ट हो जाता है कि कवि ने इस पद का प्रयोग पर्वत का मानवीकरण करने के लिए किया होगा।
प्रश्न 2.4.कवि ने तालाब की समानता किसके साथ दिखाई है और क्यों?
उत्तर- 'पर्वत प्रदेश में पावस' कविता में तालाब की समानता दर्पण के साथ दिखाई गई है क्योंकि तालाब में व्यक्ति दर्पण की भाँति अपना प्रतिबिंब देख सकता है। तालाब का जल निर्मल व स्वच्छ है। तालाब में दर्पण की भाँति महाकार पर्वत अपना प्रतिबिंब निहार रहा है।
प्रश्न 2.5. पर्वत के हृदय से उठकर ऊँचे-ऊँचे वृक्ष आकाश की ओर क्यों देख रहे थे और वे किस बात को प्रतिबिंबित करते हैं?
उत्तर- पर्वत पर खड़े ऊँचे-ऊँचे वृक्ष पर्वत की ऊँची महत्वाकांक्षाओं के प्रतीक हैं। पर्वत अपनी इन्हीं ऊँची आकांक्षाओं से आकाश को छूना चाहता है। ये ऊँचे-ऊँचे वृक्ष आकाश को छूने की अभिलाषा में ही आकाश की ओर देख रहे हैं, किंतु पावस ऋतु में आकाश बादलों में घिरा है, अतः वे अपने लक्ष्य को सामने न पाकर थोड़ा चिंतित होते हुए अपलक आकाश को निहार रहे हैं । यह इस बात को प्रतिबिंबित करता है कि जब- जब मनुष्य के जीवन-लक्ष्य के मार्ग में कठिनाइयाँ या बाधाएँ आती हैं, तब-तब चिंता तो स्वाभाविक है, किंतु इन प्रतिकूल परिस्थितियों में उस लक्ष्य को अपलक निहारना नहीं छोड़ना चाहिए अर्थात उसे पाने के प्रयास नहीं छोड़ देने चाहिए।
प्रश्न 2.6. - शाल के वृक्ष भयभीत होकर धरती में क्यों धँस गए?
उत्तर- पर्वत प्रदेश में पावस के समय तेज वर्षा के कारण घाटी में स्थित तालाब में से धुआँ उठता है और घने कोहरे के छाने से शाल के वृक्ष अदृश्य होकर धरती में धँस गए प्रतीत होते हैं। वर्षा की बूँदों के तीव्र प्रहार से वे भयभीत होकर लुप्त होते प्रतीत होते हैं जबकि यह पर्वतीय प्रदेशों में पावस से उत्पन्न प्राकृतिक सौंदर्य की घटना है।
प्रश्न 2.7. झरने किसके गौरव का गान कर रहे हैं? बहते हुए झरने की तुलना किससे की गई है?
उत्तर- पर्वतों की ऊँची चोटियों से 'सर-सर' करते हुए बहते झरने देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि, मानो वे पर्वतों की उच्चता व महानता का यशोगान कर रहे हों। जहाँ तक बहते हुए झरने की तुलना का संबंध है तो बहते हुए झरने की तुलना मोती रूपी लड़ियों से की गई है।
(ख) निम्नलिखित का भाव स्पष्ट कीजिए-
1. है टूट पड़ा भू पर अंबर ।
उत्तर- इसका भाव है कि जब आकाश में चारों तरफ असंख्य तथा घने बादल छा जाते हैं, तो वातावरण धुंधमय हो जाता है। उस समय कुछ भी दिखाई नहीं देता, केवल झरनों की झर- झर ही सुनाई देती है, तब ऐसा प्रतीत होता है कि मानो धरती पर आकाश टूट पड़ा हो।
2. यों जलद-यान में विचर-विचर था इंद्र खेलता इंद्रजाल ।
उत्तर- इस अंश का भाव है कि पर्वतीय प्रदेश में वर्षा के समय में क्षण-क्षण होने वाले प्राकृतिक परिवर्तनों तथा अलौकिक दृश्यों को देख कर ऐसा प्रतीत होता है, जैसे इंद्र देवता ही अपना इंद्रजाल जलद रुपी यान में घूम-घूमकर फैला रहा है, अर्थात बादलों का पर्वतों से टकराना और उन्हीं बादलों में पर्वतों व पेड़ों का पलभर में छिप जाना, ऊँचे-ऊँचे पेड़ों का आकाश की ओर निरंतर ताकना, बादलों के मध्य पर्वत जब दिखाई नहीं पड़ते, तो लगता है मानो वे पंख लगाकर उड़ गए हों। वर्षा के दौरान दिखाई देने वाले ये दृश्य इंद्र के ही फैलाए हुए मायाजाल लगते हैं।
3. गिरिवर के उर से उठ-उठ कर उच्चाकांक्षाओं से तरुवर
हैं झाँक रहे नीरव नभ पर अनिमेष, अटल कुछ चिंतापर ।
उत्तर- इन पंक्तियों का भाव यह है कि पर्वत अपने ऊपर खड़े ऊँचे-ऊँचे वृक्षों की अपनी ऊँची महत्वाकांक्षाओं से आकाश को छूना चाहता है। इसी कारण उस पर खड़े ये ऊँचे-ऊँचे वृक्ष आकाश को छूने की अभिलाषा में ही आकाश की ओर देखते हुए प्रतीत हो रहे हैं, किंतु पावस ऋतु में आकाश बादलों से घिरा होने के कारण वे अपने लक्ष्य को सामने न पाकर थोड़े चिंतित भी दिखाई दे रहे हैं। उनका इस प्रकार चिंतित होते हुए भी अपलक आकाश को निहारना यह प्रकट करता है कि जब-जब मनुष्य के जीवन-लक्ष्य के मार्ग में कठिनाइयाँ या बाधाएँ आती हैं, तब-तब चिंता तो स्वाभाविक है, किंतु इन प्रतिकूल परिस्थितियों में उसे उस लक्ष्य को अपलक निहारना नहीं छोड़ना चाहिए अर्थात उसे पाने के प्रयास नहीं छोड़ देने चाहिए।
Competency Based Questions (योग्यता-आधारित प्रश्नोत्तर)
लेखक:सुमित्रानंदन पंत
खंड — 1: केस-आधारित प्रश्न (Case-Based Questions)
अनुदेश: निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर दिए गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए।
"वर्षा ऋतु में पर्वतीय क्षेत्र का दृश्य पल-पल बदलता रहता है। कभी घने बादल पर्वत को चारों ओर से घेर लेते हैं और कभी अचानक सूर्य की किरणें झलक उठती हैं। पर्वत के नीचे स्थित सरोवर में खिले फूलों की छाया पड़ती है, मानो पर्वत अपने ही सौंदर्य में मुग्ध होकर तालाब में अपना प्रतिबिंब निहार रहा हो। कभी वर्षा इतनी तेज़ हो जाती है कि लगता है मानो आकाश धरती पर टूट पड़ा हो, तो कभी घाटियों से उठता कुहासा दृश्य को धुंधला कर देता है। ऊँचे वृक्ष मानो आकाश की ओर उत्सुकता से झाँकते प्रतीत होते हैं।
”
प्रश्न 1.1
कवि ने पर्वतीय वर्षा ऋतु के दृश्य में प्रकृति के किन-किन रूपों का चित्रण किया है?
उत्तर:
कवि ने बादल, धूप, वर्षा, कुहासा तथा तालाब में पड़ते प्रतिबिंब जैसे अनेक प्राकृतिक रूपों का सजीव चित्रण किया है।
प्रश्न 1.2
पर्वत को तालाब में अपनी परछाई देखते हुए किस मानवीय भाव से जोड़ा गया है? अपने उत्तर का औचित्य सहित समर्थन कीजिए।
उत्तर:
पर्वत को आत्ममुग्धता के भाव से जोड़ा गया है, क्योंकि वह मनुष्य की भाँति अपने ही सौंदर्य को निहार रहा प्रतीत होता है। यह प्रकृति के मानवीकरण का सुंदर उदाहरण है।
प्रश्न 1.3
प्रस्तुत वर्णन के आधार पर बताइए कि प्रकृति के परिवर्तनशील रूप और मानव-जीवन में क्या समानता दिखाई देती है?
उत्तर:
जिस प्रकार प्रकृति में क्षण-क्षण परिवर्तन होता रहता है, उसी प्रकार मानव-जीवन की परिस्थितियाँ भी निरंतर बदलती रहती हैं; दोनों में गतिशीलता और अनिश्चितता समान रूप से दिखाई देती है।
प्रश्न 1.4
इस वर्णन से कवि किस संदेश की ओर संकेत करता है?
उत्तर:
कवि प्रकृति की विविधता और सौंदर्य के प्रति सजगता जगाने के साथ-साथ जीवन में होने वाले परिवर्तनों को सहजता से स्वीकार करने का संदेश देता है।
खंड — 2: अभिकथन एवं कारण (Assertion–Reason)
निर्देश: नीचे दिए गए प्रत्येक प्रश्न में अभिकथन (A) तथा कारण (R) दिए गए हैं। सही विकल्प चुनिए।
(क) A और R दोनों सही हैं तथा R, A की सही व्याख्या है।
(ख) A और R दोनों सही हैं, लेकिन R, A की सही व्याख्या नहीं है।
(ग) A सही है, लेकिन R गलत है।
(घ) A गलत है, लेकिन R सही है।
प्रश्न 2.1
अभिकथन (A): पर्वत प्रदेश में वर्षा ऋतु का दृश्य पल-पल बदलता रहता है।
कारण (R): बादलों और धूप की लुका-छिपी के कारण प्रकृति का रूप निरंतर परिवर्तित होता रहता है।
उत्तर: (क)
प्रश्न 2.2
अभिकथन (A):कवि ने पर्वत को मनुष्य के समान सक्रिय रूप में दर्शाया है।
कारण (R):पर्वत साक्षात् चलकर तालाब के किनारे तक पहुँचता है।
उत्तर:(ग)
प्रश्न 2.3
अभिकथन (A): वर्षा के कारण पर्वतीय घाटियों में धुएँ-जैसा दृश्य उत्पन्न हो जाता है।
कारण (R): घना कुहासा और उठता जलवाष्प मिलकर यह दृश्य उत्पन्न करते हैं।
उत्तर: (क)
खंड — 3: बहुविकल्पीय प्रश्न (Multiple Choice Questions)
निर्देश: दिए गए प्रश्नों के लिए सही विकल्प चुनिए।
प्रश्न 3.1
कविता में मुख्य रूप से किस ऋतु का चित्रण किया गया है?
(क) शरद ऋतु
(ख) वसंत ऋतु
(ग) वर्षा ऋतु
(घ) ग्रीष्म ऋतु
उत्तर: (ग)
प्रश्न 3.2
'पर्वत प्रदेश में पावस' कविता के रचयिता कौन हैं?
(क) सुमित्रानंदन पंत
(ख) महादेवी वर्मा
(ग) जयशंकर प्रसाद
(घ) सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला'
उत्तर: (क)
प्रश्न 3.3
पर्वत के चरणों में स्थित जलाशय किसका प्रतीक बनकर उभरा है?
(क) दर्पण जैसी स्वच्छता का
(ख) सूखेपन का
(ग) अंधकार का
(घ) वीरानी का
उत्तर: (क)
प्रश्न 3.4
प्रश्न 3.4
प्रकृति का रूप पल-पल बदलता हुआ क्यों दिखाया गया है?
(क) ऋतु परिवर्तन के कारण
(ख) बादल और धूप की लुकाछिपी के कारण
(ग) पर्वतों के हिलने से
(घ) वृक्षों के झुकने से
उत्तर: (ख)
प्रश्न 3.5
इस कविता की सबसे प्रमुख विशेषता क्या है?
(क) प्रकृति का मानवीकरण
(ख) युद्ध का वर्णन
(ग) नगरीय जीवन का चित्रण
(घ) ऐतिहासिक घटना का वर्णन
उत्तर: (क)
खंड — 4: सुमेलित कीजिए (Match the Following)
निर्देश: स्तंभ A को स्तंभ B के साथ सुमेलित कीजिए।
क्र. | स्तंभ A | क्र. | स्तंभ B |
(i) | पर्वत | (a) | तालाब में अपनी परछाई निहारता मानवीकृत रूप |
(ii) | झरने | (b) | मोतियों की लड़ियों-सा झिलमिलाता दृश्य |
(iii) | बादल | (c) | जादुई खेल-सा भ्रम उत्पन्न करने वाला रूप |
(iv) | वृक्ष | (d) | आकाश की ओर उत्सुकता से झाँकते हुए |
उत्तर: (i) — (a ), (ii) — ( b), (iii) — (c), (iv) — ( d)
Additional Questions (अतिरिक्त प्रश्नोत्तर)
कवि: सुमित्रानंदन पंत
बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs)
1. 'पर्वत प्रदेश में पावस' कविता के कवि कौन हैं?
A) सुमित्रानंदन पंत
B) मैथिलीशरण गुप्त
C) जयशंकर प्रसाद
D) रामधारी सिंह दिनकर
उत्तर: A) सुमित्रानंदन पंत
2. सुमित्रानंदन पंत को किस काव्यधारा का प्रमुख स्तंभ माना जाता है? (CBSE 2019)
A) रीतिकाल
B) छायावाद
C) भक्तिकाल
D) प्रगतिवाद
उत्तर: B) छायावाद
3. कविता में पर्वत की आकृति की तुलना किससे की गई है? (CBSE 2020)
A) करधनी (मेखला) से
B) सर्प से
C) पंखे से
D) छाते से
उत्तर: A) करधनी (मेखला) से
4. कवि ने झरनों की तुलना किससे की है? (CBSE 2018)
A) मोतियों की लड़ियों से
B) सोने की चेन से
C) रस्सी से
D) चाँदी के तार से
उत्तर: A) मोतियों की लड़ियों से
5. पर्वत की तलहटी में स्थित तालाब की तुलना किससे की गई है? (CBSE 2022)
A) दर्पण (शीशे) से
B) सोने की थाली से
C) चाँदनी से
D) मोती से
उत्तर: A) दर्पण (शीशे) से
6. पहाड़ पर खिले फूलों को कवि ने किसका प्रतीक बताया है? (CBSE 2021)
A) तारों का
B) पर्वत की हज़ारों आँखों का
C) दीपकों का
D) घंटियों का
उत्तर: B) पर्वत की हज़ारों आँखों का
7. कविता में बादलों के मध्य विराजमान इंद्र किस कार्य में लीन बताए गए हैं? (CBSE 2023)
A) युद्ध करने में
B) इंद्रजाल अर्थात जादुई खेल खेलने में
C) तपस्या करने में
D) संगीत सुनने में
उत्तर: B) इंद्रजाल अर्थात जादुई खेल खेलने में
8. वर्षा और घने कोहरे में पर्वत के निकट स्थित शाल के वृक्षों की दशा कैसी दिखाई गई है? (CBSE 2019)
A) वे प्रसन्न दिखाई देते हैं
B) वे भयभीत होकर धरती में धँसे-से प्रतीत होते हैं
C) वे और ऊँचे उठ जाते हैं
D) वे मुरझा जाते हैं
उत्तर: B) वे भयभीत होकर धरती में धँसे-से प्रतीत होते हैं
9. पर्वत की चोटी पर उगे ऊँचे वृक्षों (तरुवर) को कवि ने किसका प्रतीक बताया है? (CBSE 2020)
A) भय का
B) मनुष्य की महत्वाकांक्षाओं का
C) आलस्य का
D) क्रोध का
उत्तर: B) मनुष्य की महत्वाकांक्षाओं का
10. कविता में मूसलाधार वर्षा की तीव्रता को किस भाव से दर्शाया गया है?
A) मानो आकाश धरती पर टूट पड़ा हो
B) सूरज चमक उठा हो
C) पक्षी गा रहे हों
D) हवा शांत हो गई हो
उत्तर: A) मानो आकाश धरती पर टूट पड़ा हो
लघु उत्तरीय प्रश्न (Short Answer Questions — 2–3 अंक)
प्रश्न 1: कवि ने पर्वत की आकृति और उसके सौंदर्य का वर्णन किस प्रकार किया है? (CBSE 2019, 2022)
उत्तर:
कवि ने विशाल पर्वत को करधनी अर्थात मेखला के आकार का बताया है अर्थात पर्वत करधनी के समान चारों ओर से फैला हुआ और अत्यंत विशाल है। पर्वत की चोटियों पर खिले असंख्य फूलों को कवि ने पर्वत की हज़ारों आँखों के समान बताया है, जो नीचे स्थित दर्पण जैसे स्वच्छ तालाब के जल में बार-बार अपना विशाल प्रतिबिंब निहार रही हैं।
प्रश्न 2: तालाब के जल की स्वच्छता का वर्णन कविता में किस प्रकार किया गया है? (CBSE 2020)
उत्तर:
कवि के अनुसार पर्वत की तलहटी में स्थित तालाब का जल इतना स्वच्छ और शांत है कि वह दर्पण के समान प्रतीत होता है। पर्वत अपनी विशाल आकृति को इस जल में निहार कर मानो आत्ममुग्ध हो रहा है, जिससे प्रकृति के इस दृश्य में अद्भुत सुंदरता उत्पन्न हो जाती है।
प्रश्न 3: कविता में झरनों का चित्रण किस प्रकार किया गया है? (CBSE 2018)
उत्तर:
पर्वतों से गिरते हुए झाग से भरे झरने कवि को मोतियों की सुंदर लड़ियों के समान प्रतीत होते हैं। ये झरने पर्वत के गौरव का गुणगान करते हुए झर-झर स्वर में बहते हैं और वातावरण में एक उत्साहपूर्ण संगीतमय वातावरण उत्पन्न कर देते हैं।
प्रश्न 4: पर्वत पर उगे वृक्षों और पर्वत के निकट स्थित शाल वृक्षों की दशा में क्या अंतर बताया गया है? (CBSE 2021, 2023)
उत्तर:
पर्वत की चोटी पर उगे ऊँचे वृक्ष मनुष्य की महत्वाकांक्षाओं के प्रतीक के रूप में शांत भाव से आकाश की ओर एकटक देखते प्रतीत होते हैं, मानो किसी गहरी चिंता में डूबे हों। इसके विपरीत पर्वत के निकट स्थित शाल के वृक्ष भारी वर्षा और घने कोहरे के कारण भयभीत होकर धरती में धँसे हुए-से दिखाई देते हैं।
प्रश्न 5: कविता में बादलों और इंद्र के प्रसंग का वर्णन किस प्रकार किया गया है? (CBSE 2019)
उत्तर:
कवि ने आकाश में विचरण करते बादलों की कल्पना इंद्र के विमान के रूप में की है। बादलों के इस निरंतर बदलते रूप को देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो इंद्र अपने बादल रूपी यान में विचरण करते हुए इंद्रजाल अर्थात जादुई खेल का प्रदर्शन कर रहे हों।
प्रश्न 6: मूसलाधार वर्षा का वर्णन कवि ने किस प्रकार किया है? (CBSE 2020)
उत्तर:
कवि ने पर्वत प्रदेश में हुई अचानक और तीव्र वर्षा का ऐसा चित्रण किया है मानो संपूर्ण आकाश धरती पर टूट पड़ा हो। इस भीषण वर्षा के कारण चारों ओर धुंध छा जाती है और पर्वत भी बादलों की ओट में छिपकर मानो अदृश्य हो जाता है।
प्रश्न 7: कविता में वर्षा ऋतु में प्रकृति के बदलते स्वरूप को किस प्रकार दर्शाया गया है? (CBSE 2022)
उत्तर:
कवि ने बताया है कि वर्षा ऋतु में पर्वतीय प्रकृति का रूप क्षण-क्षण में बदलता रहता है। कभी घने बादल छा जाते हैं, कभी तेज़ वर्षा होने लगती है, कभी कोहरा छा जाता है और कभी बादल छँटने पर पर्वत पुनः स्पष्ट दिखाई देने लगता है, मानो प्रकृति निरंतर अपना वेश बदल रही हो।
प्रश्न 8: कविता की भाषा-शैली की विशेषताएँ बताइए। (CBSE 2018, 2024)
उत्तर:
इस कविता की भाषा संस्कृतनिष्ठ, चित्रात्मक और अलंकारयुक्त है। कवि ने मानवीकरण, उपमा तथा रूपक जैसे अलंकारों का सुंदर प्रयोग करते हुए प्रकृति का सजीव चित्रण किया है। कविता में तुकांत पदावली के कारण संगीतात्मकता और गेयता का गुण भी विद्यमान है।
प्रश्न 9: कविता में मानवीकरण अलंकार का प्रयोग किस प्रकार किया गया है? (CBSE 2021)
उत्तर:
कवि ने संपूर्ण कविता में प्रकृति के विभिन्न तत्वों—पर्वत, वृक्ष, बादल और झरनों—का मानवीकरण किया है। पर्वत को अपनी आँखों से निहारता हुआ, वृक्षों को चिंतित भाव से आकाश देखता हुआ तथा शाल के वृक्षों को भयभीत बताकर कवि ने निर्जीव प्रकृति में सजीवता का भाव भर दिया है।
प्रश्न 10: पावस ऋतु में पर्वतीय प्रदेश की सुंदरता के विषय में कवि का दृष्टिकोण स्पष्ट कीजिए। (CBSE 2019, 2023)
उत्तर:
कवि सुमित्रानंदन पंत वर्षा ऋतु में पर्वतीय प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता से अत्यंत प्रभावित हैं। उनकी दृष्टि में यह सौंदर्य क्षण-क्षण परिवर्तनशील और अद्भुत है। वे प्रकृति के इस रूप को इतने सजीव ढंग से चित्रित करते हैं कि पाठक स्वयं को उस दृश्य के मध्य अनुभव करने लगता है।
दीर्घ उत्तरीय प्रश्न (Long Answer Questions — 5–6 अंक)
प्रश्न 1: 'पर्वत प्रदेश में पावस' कविता का केंद्रीय भाव अपने शब्दों में स्पष्ट कीजिए। (CBSE 2018, 2022)
उत्तर:
'पर्वत प्रदेश में पावस' कविता में कवि सुमित्रानंदन पंत ने वर्षा ऋतु में हिमालय प्रदेश की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता का सजीव चित्रण किया है। कवि ने पर्वत की विशालता, तालाब के स्वच्छ जल, झरनों की मधुर ध्वनि, वृक्षों की महत्वाकांक्षा और बादलों के बदलते रूपों का वर्णन करते हुए यह दर्शाया है कि वर्षा ऋतु में प्रकृति का सौंदर्य क्षण-प्रतिक्षण नया रूप धारण करता है। कविता का केंद्रीय भाव यह है कि प्रकृति स्वयं में सजीव और गतिशील है, तथा मानव-भावनाओं की भाँति उसमें भी उल्लास, चिंता और भय जैसे भाव विद्यमान प्रतीत होते हैं।
प्रश्न 2: कविता में प्रयुक्त मानवीकरण अलंकार के उदाहरण देते हुए इसका प्रभाव स्पष्ट कीजिए। (CBSE 2019, 2023)
उत्तर:
कवि ने इस कविता में मानवीकरण अलंकार का अत्यंत सुंदर प्रयोग किया है, जिससे प्रकृति के निर्जीव तत्व भी सजीव प्रतीत होने लगते हैं। पर्वत को अपनी हज़ारों फूल रूपी आँखों से तालाब में अपना प्रतिबिंब निहारते हुए दिखाया गया है, मानो वह आत्ममुग्ध हो। पर्वत की चोटी पर उगे वृक्षों को मनुष्य की महत्वाकांक्षाओं के समान चिंतित भाव से आकाश ताकते हुए दर्शाया गया है। वहीं शाल के वृक्षों को भारी वर्षा और कोहरे से भयभीत होकर धरती में धँसा हुआ दिखाया गया है। इस अलंकार के प्रयोग से कविता में जीवंतता और भावनात्मक गहराई उत्पन्न होती है।
प्रश्न 3: कविता के आधार पर पर्वतीय प्रदेश में वर्षा ऋतु के दृश्य का वर्णन कीजिए। (CBSE 2020, 2021)
उत्तर:
कविता में कवि ने पर्वतीय प्रदेश में वर्षा ऋतु के अद्भुत दृश्य का चित्रण किया है। कभी आकाश में घने काले बादल छा जाते हैं, तो कभी अचानक मूसलाधार वर्षा होने लगती है, मानो संपूर्ण आकाश धरती पर टूट पड़ा हो। वर्षा के कारण चारों ओर घना कोहरा छा जाता है, जिससे पर्वत और वृक्ष धुंधले दिखाई देने लगते हैं। बादलों के बीच बिजली चमकती है और झरने वेग से बहने लगते हैं। कुछ ही क्षणों बाद बादल छँट जाते हैं और संपूर्ण दृश्य पुनः स्पष्ट तथा उज्ज्वल हो जाता है। यह दृश्य वर्षा ऋतु की चंचलता और सौंदर्य को भली-भांति दर्शाता है।
प्रश्न 4: कविता में प्रयुक्त प्रमुख अलंकारों और भाषा-शैली की विशेषताओं पर प्रकाश डालिए। (CBSE 2018, 2022)
उत्तर:
इस कविता की भाषा तत्सम शब्दावली से युक्त, चित्रात्मक और लयबद्ध है। कवि ने उपमा अलंकार का प्रयोग करते हुए झरनों की तुलना मोतियों की लड़ियों से तथा पर्वत की आकृति की तुलना करधनी से की है। रूपक अलंकार के माध्यम से बादलों को इंद्र का विमान बताया गया है। संपूर्ण कविता में मानवीकरण अलंकार प्रमुखता से प्रयुक्त हुआ है, जिससे प्रकृति सजीव प्रतीत होती है। तुकांतयुक्त पदावली के कारण कविता में संगीतात्मकता और गेयता का गुण भी विद्यमान है, जो छायावादी काव्यशैली की विशेषता है।
प्रश्न 5: कविता में तालाब और पर्वत के संबंध को किस प्रकार चित्रित किया गया है? (CBSE 2019, 2024)
उत्तर:
कवि ने पर्वत की तलहटी में स्थित तालाब को दर्पण के समान स्वच्छ बताया है, जिसमें विशाल पर्वत अपनी हज़ारों फूल रूपी आँखों से बार-बार अपने ही विशाल आकार को निहारता प्रतीत होता है। इस चित्रण के माध्यम से कवि ने प्रकृति के आत्ममुग्ध और सौंदर्यप्रिय स्वरूप को दर्शाया है। तालाब पर्वत के सौंदर्य को प्रतिबिंबित करने वाले दर्पण के रूप में कार्य करता है, जिससे संपूर्ण दृश्य और भी मनोहारी बन जाता है।
प्रश्न 6: कविता के आधार पर वृक्षों के माध्यम से मानवीय भावनाओं का चित्रण कैसे किया गया है? (CBSE 2020, 2023)
उत्तर:
कवि ने पर्वत की चोटी पर उगे वृक्षों की तुलना मनुष्य की महत्वाकांक्षाओं से की है, जो स्थिर भाव से आकाश की ओर देखते हुए मानो अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के विषय में चिंतित हों। इसके विपरीत पर्वत के निकट स्थित शाल के वृक्ष भारी वर्षा और कोहरे के भय से धरती में धँसे हुए-से प्रतीत होते हैं। इस प्रकार कवि ने वृक्षों के माध्यम से मनुष्य के भीतर विद्यमान महत्वाकांक्षा और भय दोनों भावनाओं का प्रतीकात्मक चित्रण किया है।
प्रश्न 7: 'पर्वत प्रदेश में पावस' कविता की छायावादी विशेषताओं पर प्रकाश डालिए। (CBSE 2021, 2022)
उत्तर:
यह कविता छायावादी काव्यधारा की प्रमुख विशेषताओं को प्रदर्शित करती है। इसमें प्रकृति का सूक्ष्म एवं मानवीकृत चित्रण, कल्पनाशीलता, चित्रात्मक भाषा तथा भावनात्मक गहराई स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। कवि ने प्रकृति के प्रत्येक तत्व—पर्वत, वृक्ष, झरने और बादल—में मानवीय भाव आरोपित करते हुए उन्हें सजीव रूप में प्रस्तुत किया है। यह दृष्टिकोण तथा भाषा की कोमलता और लयात्मकता छायावाद की पहचान है, जिसके सुमित्रानंदन पंत प्रमुख कवि माने जाते हैं।
प्रश्न 8: कविता में बादलों के परिवर्तनशील रूप का वर्णन कवि ने किस प्रकार किया है? (CBSE 2019)
उत्तर:
कवि ने बादलों के निरंतर बदलते रूप को अत्यंत सजीव ढंग से चित्रित किया है। कभी बादल घने होकर संपूर्ण आकाश को ढक लेते हैं, कभी वे तीव्र वर्षा के रूप में बरस पड़ते हैं और कभी अचानक छँट जाते हैं। इस बदलते दृश्य को देखकर कवि की कल्पना में यह भाव उठता है कि मानो इंद्र अपने बादल रूपी यान में विचरण करते हुए विभिन्न प्रकार का जादुई खेल दिखा रहे हों। इस चित्रण से वर्षा ऋतु की चंचलता और अनिश्चितता प्रभावी ढंग से व्यक्त होती है।
प्रश्न 9: कविता में प्रकृति चित्रण की मुख्य विशेषताएँ बताइए। (CBSE 2020, 2024)
उत्तर:
इस कविता में कवि ने प्रकृति का अत्यंत सूक्ष्म, जीवंत तथा चित्रात्मक वर्णन किया है। पर्वत, तालाब, झरने, वृक्ष और बादल जैसे तत्वों का वर्णन करते हुए कवि ने प्रकृति को मानवीय भावनाओं से युक्त दिखाया है। रंगों, ध्वनियों तथा गतियों का सूक्ष्म चित्रण कविता को अत्यंत जीवंत बनाता है। कवि की दृष्टि प्रकृति के प्रत्येक छोटे-बड़े परिवर्तन को बारीकी से पकड़ती है, जिससे पाठक स्वयं को उस दृश्य के मध्य उपस्थित अनुभव करता है।
प्रश्न 10: 'पर्वत प्रदेश में पावस' शीर्षक की सार्थकता स्पष्ट कीजिए। (CBSE 2018, 2023)
उत्तर:
'पर्वत प्रदेश में पावस' शीर्षक कविता के विषयवस्तु के पूर्णतः अनुकूल है, क्योंकि संपूर्ण कविता में पर्वतीय क्षेत्र में वर्षा ऋतु के आगमन तथा उससे उत्पन्न प्राकृतिक सौंदर्य का ही वर्णन किया गया है। कवि ने पर्वत, झरने, तालाब, वृक्ष और बादलों के माध्यम से पावस ऋतु के बदलते और मनोहारी स्वरूप को चित्रित किया है। इस प्रकार शीर्षक कविता के संपूर्ण भाव और विषयवस्तु को सटीक रूप से व्यक्त करता है।
Idioms (मुहावरे एवं शब्दार्थ)
कवि: सुमित्रानंदन पंत
शब्द -अर्थ
पावस-ऋतु = वर्षा ऋतु (Rainy season / monsoon)
परिवर्तित = बदलता हुआ (Changing / transforming)
प्रकृति-वेश = प्रकृति का रूप-स्वरूप (The appearance of nature)
मेखलाकार = करधनी (कमरबंद) के आकार का, गोलाई में फैला हुआ (Shaped like a girdle / waistband)
अपार = जिसकी कोई सीमा न हो (Boundless / immense)
सहस्र दृग-सुमन = हज़ारों फूल रूपी आँखें (Thousands of flowers like eyes)
अवलोक रहा है = देख रहा है, निहार रहा है (Is gazing / watching)
निज महाकार = अपना विशाल आकार (Its own gigantic form)
ताल = तालाब (Pond / lake)
दर्पण-सा = शीशे जैसा साफ़ (Like a mirror)
गिरि = पर्वत (Mountain)
गौरव गाकर = यशगान करते हुए, सम्मान बढ़ाते हुए (Singing its glory)
मद = मस्ती, उल्लास (Intoxication / joyous exuberance)
नस-नस उत्तेजित करना = पूरे शरीर में स्फूर्ति भर देना (To energise every vein)
निर्झर = झरना (Waterfall / stream)
गिरिवर = बड़ा पर्वत (The great mountain)
उर = हृदय (Heart)
उच्चाकांक्षाओं से = ऊँचा उठने की कामना के साथ (With lofty aspirations)
तरुवर = पेड़, वृक्ष (Tree)
नीरव नभ = शांत, निस्तब्ध आकाश (The silent sky)
अनिमेष = बिना पलक झपकाए, एकटक (Without blinking / unwavering)
अटल = स्थिर, दृढ़ (Steadfast / unmoving)
चिंतापर / चिंतातुर = चिंता में डूबा हुआ (Anxious / worried)
भूधर = पर्वत (Mountain)
पारद के पर = पारे के समान सफ़ेद व चमकीले पंख (Wings as white and shiny as mercury)
रव-शेष = केवल आवाज़ ही शेष रह जाना (Only the sound remains)
अंबर = आकाश (Sky)
भू / धरा = धरती, पृथ्वी (Earth)
सभय = डरे हुए, भयभीत (Frightened / fearful)
शाल = शाल का वृक्ष (Sal tree)
जलद-यान = बादल रूपी वाहन (Cloud-vehicle / chariot of clouds)
विचर-विचर = घूम-घूमकर (Wandering / roaming about)
इंद्रजाल = जादू, माया का खेल (यहाँ इंद्रधनुष का सांकेतिक अर्थ भी) (Magic / an illusionary spell)
प्रमुख मुहावरे ,उनके अर्थ और वाक्य प्रयोग
इंद्रजाल फैलाना (Indrajaal Phailana)
हिंदी अर्थ: जादू या माया-सा दृश्य रचना, चमत्कार जैसा भ्रम उत्पन्न करना।
English Meaning: To create a magical illusion / to cast a spell.
वाक्य प्रयोग: बादलों के बीच घूमते हुए इंद्र मानो जलद-यान में विचरकर अपना इंद्रजाल फैला रहे थे, जिससे पर्वत कभी दिखता तो कभी बादलों में छिप जाता।
आसमान टूट पड़ना (Aasmaan Toot Padna)
हिंदी अर्थ: अचानक बहुत तेज़ या भारी वर्षा होना, अकस्मात संकट-सा आ जाना।
English Meaning: For the sky to suddenly break open / a sudden deluge or calamity.
वाक्य प्रयोग: पर्वत प्रदेश में इतनी मूसलाधार वर्षा हुई कि मानो आसमान ही धरती पर टूट पड़ा हो।
मन मोह लेना (Man Moh Lena)
हिंदी अर्थ: किसी दृश्य या वस्तु का इतना सुंदर होना कि देखने वाले का हृदय आकर्षित हो जाए।
English Meaning: To captivate / enchant the heart.
वाक्य प्रयोग: दर्पण-से फैले तालाब में झिलमिलाता पर्वत का प्रतिबिंब देखने वालों का मन मोह लेता था।
मंत्रमुग्ध होना (Mantramugdh Hona)
हिंदी अर्थ: किसी दृश्य से इतना प्रभावित होना कि सुध-बुध ही भूल जाए।
English Meaning: To be spellbound / entranced.
वाक्य प्रयोग: फेन भरे झरनों की मोतियों-सी झरती लड़ियाँ देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो जाता था।
प्राण फूँकना (Praan Phoonkna)
हिंदी अर्थ: किसी में नया जोश, स्फूर्ति या उत्साह भर देना।
English Meaning: To infuse fresh energy or life into something.
वाक्य प्रयोग: झरनों की झर-झर ध्वनि मानो पर्वत की नस-नस में नए प्राण फूँक रही थी।
दंग रह जाना (Dang Reh Jaana)
हिंदी अर्थ: किसी असाधारण दृश्य या घटना को देखकर बहुत अचंभित हो जाना।
English Meaning: To be utterly astonished / dumbfounded.
वाक्य प्रयोग: क्षण भर में पर्वत का पारे-से चमकीले पंख फड़काकर उड़ जाना देखकर लोग दंग रह गए।
गुणगान करना (Gungaan Karna)
हिंदी अर्थ: किसी की प्रशंसा में यशोगान करना, बड़ाई करना।
English Meaning: To sing someone's praises / glorify.
वाक्य प्रयोग: झर-झर बहते झरने मानो पर्वत का गुणगान करते हुए नीचे उतर रहे थे।
Practice Worksheets & Evaluation (अभ्यास वर्कशीट)
पर्वत प्रदेश में पावस – Class 10 Hindi Practice Worksheet
Download or practice online to get your answers evaluated by teachers.