1. होम
  2. ›
  3. CBSE Hindi Grammar
  4. ›
  5. रचना के आधार पर वाक्य भेद (Vakya Bhed)
CBSE CLASS 10 HINDI

रचना के आधार पर वाक्य भेद (Vakya Bhed)

सरल, संयुक्त एवं मिश्र वाक्य रूपांतरण के नियम तथा अभ्यास कार्य-पत्रक।

वाक्य
शब्दों की व्याकरणिक सार्थक प्रस्तुति को ‘वाक्य’ कहा जाता है। दूसरे शब्दों में, शब्दों का वह सार्थक समूह, जो व्याकरणिक नियमों के अनुरूप हो, ‘वाक्य’ कहलाता है।
जैसे— तुलसीदास जी ने ‘रामचरितमानस’ नामक ग्रंथ लिखा।
वाक्य के अंग
1. उद्देश्य (कर्ता का विस्तार)
जिसके बारे में कहा जाए। सामान्यतया वाक्य का कर्ता ही उसका उद्देश्य होता है।
उदाहरण— राम पुस्तक पढ़ रहा है। यहाँ ‘राम’ उद्देश्य है।
2. विधेय (क्रिया का विस्तार)
उद्देश्य या कर्ता के बारे में जो कुछ कहा जाए। सामान्यतया क्रिया विधेय होती है।
उदाहरण— राम पुस्तक पढ़ रहा है। यहाँ ‘पुस्तक पढ़ रहा है’ विधेय है।
वाक्य के भेद (रचना के आधार पर)
रचना के आधार पर वाक्य के तीन भेद होते हैं—
●साधारण अथवा सरल वाक्य
●संयुक्त वाक्य
●मिश्र या मिश्रित वाक्य

1. साधारण अथवा सरल वाक्य
➔इसमें एक उद्देश्य और एक विधेय होता है।
➔इसमें एक ही क्रिया होती है।
➔इसमें उपवाक्य नहीं होते।
उदाहरण
(i) पवन फुटबॉल खेलता है।
(ii) भाई-बहन सो रहे हैं।
(iii) वह स्वभाव से बड़े अध्ययनशील थे।

2. संयुक्त वाक्य
●इसमें दो या दो से अधिक स्वतंत्र वाक्य योजक शब्दों द्वारा जुड़े होते हैं।
●ये वाक्य एक-दूसरे पर आश्रित नहीं होते।
●योजक शब्द—किंतु, परंतु, और, तथा, इसलिए, या, अतः, अथवा, अन्यथा इत्यादि(etc.)।
●योजक शब्द समानाधिकरण समुच्चयबोधक अव्यय होते हैं।
●संयुक्त वाक्यों में कभी-कभी अव्यय शब्दों का लोप भी कर दिया जाता है।
उदाहरण
(i) मैं पास हो गया और दर्जे में प्रथम आया।
(ii) चुपचाप बैठो अन्यथा चले जाओगे।
(iii) क्या सोचा था, क्या हो गया।
(अव्यय का लोप)

3. मिश्र वाक्य अथवा मिश्रित वाक्य
➔इसमें एक से अधिक उपवाक्य होते हैं।
➔इस वाक्य में एक प्रधान (मुख्य) उपवाक्य होता है तथा शेष अन्य उपवाक्य उस पर आश्रित होते हैं, जिन्हें ‘आश्रित उपवाक्य’ कहते हैं।
➔ये उपवाक्य आपस में योजक शब्दों से जुड़े रहते हैं।
➔योजक शब्द—जो, जब, जहाँ, क्योंकि, वह, तब, वहाँ, कि इत्यादि(etc.)।
उदाहरण
(i) मैं नहीं जानती कि वे कौन हैं?
(ii) जो व्यक्ति परिश्रमी होते हैं, वे सदैव सुखी रहते हैं।
(iii) जब नतीजा सुनाया गया, तो वह रो पड़े।