1. होम
  2. ›
  3. CBSE Hindi Grammar
  4. ›
  5. अनुच्छेद लेखन (Paragraph Writing - 5 Marks)
CBSE CLASS 10 HINDI

अनुच्छेद लेखन (Paragraph Writing - 5 Marks)

अनुच्छेद लेखन के दिशानिर्देश, शब्द-सीमा (100-120 शब्द) एवं हल किए गए उत्कृष्ट उदाहरण।

दिए गए संकेत बिन्दुओं के आधार पर किसी एक विषय पर लगभग 120 शब्दों में अनुच्छेद लिखिए |
1)ऑनलाइन शिक्षा
संकेत बिंदु-
* आवश्यकता
*महत्त्व
*हानियां
ऑनलाइन शिक्षा आधुनिक समय की एक महत्वपूर्ण शिक्षा पद्धति(method ) है जो इंटरनेट के माध्यम से ज्ञान प्रदान करती है। इसकी मदद से ही महामारी जैसी स्थितियों में शिक्षा को निरंतर(continuous) बनाए रखने में सहायता मिलती है।
आवश्यकता
ऑनलाइन शिक्षा की आवश्यकता कोविड-19 महामारी के दौरान स्पष्ट हुई, जब पारंपरिक कक्षाएं बंद रहीं और घर बैठे पढ़ाई जारी रखनी पड़ी। इसके माध्यम से दूरदराज क्षेत्रों के छात्र और कार्यरत लोग घर बैठे अच्छी से अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं|
महत्व
ऑनलाइन शिक्षा से समय और धन दोनों की बचत होती है क्योंकि यात्रा और अन्य खर्च कम होते हैं। विद्यार्थी घर बैठे देश-विदेश के अच्छे शिक्षकों से पढ़ सकते हैं। ऑनलाइन शिक्षा लचीली(flexible ) है, जिसमें छात्र अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर सकते हैं। इसके साथ ही इससे डिजिटल कौशल(सकिल) का भी विकास होता है |
हानियां
लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखों की समस्या, सिरदर्द और शारीरिक निष्क्रियता(inactive ) बढ़ सकती है। इसके साथ ही कई बार तकनीकी समस्याएं जैसे इंटरनेट विचलन(deviation ), नेटवर्क समस्या भी इसमे बाधा उत्पन्न करती हैं । सभी छात्रों के पास इंटरनेट और उपकरणों(equipment ) की सुविधा भी नहीं होती | शिक्षक और छात्र के बीच प्रत्यक्ष(direct ) संपर्क(contact) की कमी से कभी कभी कक्षा में संदेह(doubt ) दूर करना और अनुशासन रखना कठिन हो जाता है।
 
 
 
2)विकास का आधार अनुशासन
संकेत बिंदु-
* अनुशासन का हमारे जीवन में महत्त्व  
*अनुशासन की प्रारंभिक शिक्षा  
*अनुशासन का प्रतीक
 
अनुशासन मानव जीवन के विकास का आधार है | अनुशासन का अर्थ है व्यवस्थित ढंग से जीवन के नियमों का पालन करना |
अनुशासन का हमारे जीवन में महत्त्व
अनुशासन हमें समय का सदुपयोग ,कर्तव्यों का पालन, आत्म नियंत्रण और दृढ़ रहना सीखाता है |जो व्यक्ति अपने जीवन में अनुशासन का अनुसरण करता है वह अपने जीवन में सफलता और प्रगति सुनिश्चित करता है | अनुशासनहीन व्यक्ति को अव्यवस्थित ढंग से जीवन जीते हुए निराशा ही मिलती है |समाज और राष्ट्र की प्रगति भी अनुशासन पर ही निर्भर करती है।
प्रारंभिक शिक्षा
अनुशासन की शिक्षा मनुष्य बचपन से ही अपने माता-पिता और परिवार से लेता है | समय से उठना , पढ़ना , विद्यालय जाना ,खेलना ,बड़ों का सम्मान करना ये सब बच्चा अपने परिवार से ही सीखता है | इसके बाद विद्यालय में शिक्षक नियमों और मर्यादाओं के माध्यम से अनुशासन का विकास करते हैं। 
प्रतीक
अनुशासन का प्रतीक है प्रकृति | सूर्य ,चंद्रमा ,धरती, नदियां बिना रुके अपने नियत समय से चलती है | सेना को अनुशासन का सर्वोत्तम प्रतीक माना जाता है। सैनिक कठिन परिस्थितियों में भी नियमों का पालन करते हैं और देश के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर देते हैं। इसके अलावा खेल जगत और सफल व्यक्तित्व जैसे महात्मा गांधी जी, स्वामी विवेकानंद जी भी अनुशासन के जीवंत उदाहरण हैं।
 
 
3) मन के हारे हार है मन के जीते जीत
संकेत बिंदु-
* संपूर्ण गतिविधियों का केंद्र: मन
*मनोबल की महत्ता
*सफलता का आधार
"मन के हारे हार है, मन के जीते जीत" उक्ति का अर्थ है कि सफलता और असफलता पूरी तरह हमारे मन पर निर्भर करती है। यदि हमने मन से हार मान ली तो हार निश्चित है, लेकिन अडिग विश्वास हो तो असंभव कार्य भी संभव हो जाता है। 
मन गतिविधियों का केंद्र
मन मानव की सभी गतिविधियों का केंद्र है। हमारे विचार, भावनाएँ और निर्णय मन से ही उत्पन्न होते हैं। यदि मन सकारात्मक और दृढ़ हो तो कठिन से कठिन कार्य भी सरल लगने लगते हैं, जबकि कमजोर मन व्यक्ति को असफलता की ओर ले जाता है।
मनोबल की महत्ता
उच्च मनोबल (आत्मविश्वास) और दृढ़ इच्छाशक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी व्यक्ति को हारने नहीं देती। मन की शक्ति ही चुनौतियों का सामना करने की क्षमता प्रदान करती है और बड़े-बड़े कार्यों को संभव बना देती है। कमजोर मनोबल हार का कारण बनता है, भले ही संसाधन पर्याप्त हों।महान व्यक्ति जैसे महात्मा गांधी, नेल्सन मंडेला, और सचिन तेंदुलकर ने अपने मजबूत मन और सकारात्मक सोच के कारण ही विपरीत स्थितियों में भी सफलता प्राप्त की।
सफलता का आधार
सफलता बाहरी परिस्थितियों से अधिक मानसिक दृढ़ता पर निर्भर करती है। जो व्यक्ति हार के डर से नहीं, बल्कि जीतने की उम्मीद से कार्य शुरू करता है, उसके सफल होने की संभावना बढ़ जाती है। मन की स्थिरता और सकारात्मक दृष्टिकोण (जोश) हर क्षेत्र में जीत सुनिश्चित करते हैं। 
4) बेरोजगारी की समस्या
संकेत बिंदु-
* बेरोजगारी का कारण
*बेरोजगारी के दुष्परिणाम
* बेरोजगारी के समाधान
मानव जीवन की तीन मुख्य आवश्यकताऐें होती हैं -- भोजन , वस्त्र और आवास | इन को पूरा करने के लिए हमें किसी न किसी प्रकार के काम की आवश्यकता पड़ती है लेकिन जब व्यक्ति को कोई काम नहीं मिलता तो वह 'बेरोजगार'. कहलाता है और इस स्थिति को बेरोजगारी कहते हैं |
बेरोजगारी के अनेक रूप हो सकते हैं जैसे कुछ लोग वर्ष में कुछ महीने काम करते हैं तथा शेष महीने बेकार रहते हैं | कुछ व्यक्ति ऐसे हैं जिन्हें अपनी योग्यता के अनुसार कार्य नहीं मिलता | ऐसे लोग भी बेरोजगारों की श्रेणी में आते हैं| शिक्षितों और अशिक्षितों दोनों ही वर्गों में बेरोजगारी की समस्या व्याप्त है|
बेरोजगारी की समस्या का मूल कारण वर्तमान की दोषपूर्ण शिक्षा प्रणाली है | इसके अलावा अत्यधिक जनसंख्या वृद्धि और शहरीकरण के कारण भी बेरोजगारी की समस्या बढ़ी है | गांव में रहने वाले लोग कृषि नहीं करना चाहते और वह लोग नौकरी की तलाश में शहरों की ओर आ रहे हैं परिणामस्वरुप बेरोजगारी बढ़ रही है|
बेरोजगारी ने लोगों, समाज और अर्थव्यवस्था पर गहरा प्रभाव डाला है | व्यक्ति की आय का नुकसान तो हो ही रहा है, उसके जीवन स्तर में कमी और मानसिक तनाव में वृद्धि हुई है| समाज में अशांति और अपराध में वृद्धि हुई है |देश के आर्थिक विकास में भी बाधा उत्पन्न हुई है|भ्रष्टाचार और नैतिक मूल्यों के पतन की समस्या भी कही न कहीं बेरोजगारी से जुडी है |
बेरोजगारी की समस्या को दूर करने के लिए कई उपायों को अपनाया जा सकता है जैसे की शिक्षा प्रणाली में सुधार करके, व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देकर, जनसंख्या पर अंकुश लगाकर तथा लघु उद्योगों को प्रोत्साहित कर हम बेरोजगारी की समस्या पर थोड़ा बहुत नियंत्रण पा सकते हैं |
बेरोजगारी की समस्या ने आज गंभीर रूप धारण कर लिया है | समाज में व्याप्त अन्य बुराइयों की जड़ भी बेरोजगारी ही है इसलिए हमें जल्दी से ऐसे उपायों को अपनाना होगा जिसके द्वारा प्रत्येक व्यक्ति अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार प्राप्त कर सके |
5) विद्यार्थी और अनुशासन अथवा अनुशासन का महत्त्व
संकेत बिंदु-
*अनुशासन की आवश्यकता
*प्रकृति में अनुशासन
*अनुशासन सफलता की कुंजी
*अनुशासन की आवश्यकता
अनुशासन शब्द का अर्थ है शासन के पीछे चलना अर्थात् समाज द्वारा बनाए नियमों का पालन करते हुए मर्यादित जीवन जीना। जीवन के हर क्षेत्र और हर काल में अनुशासन की महत्ता होती है पर विद्यार्थी काल जीवन की नींव के समान होता है। इस काल में अनुशासन की आवश्यकता और महत्ता और भी बढ़ जाती है।
इस काल में विद्यार्थी जो कुछ सीखता है वही उसके जीवन में काम आता है। इस काल में एक बार अनुशासनबद्ध जीवन की आदत पड़ जाने पर आजीवन यही आदत बनी रहती है। मानव मन अत्यंत चंचल होता है। वह स्वच्छंद आचरण करना चाहता है। इसके लिए अनुशासन बहुत आवश्यक है। प्रकृति अपने कार्य व्यवहार से मनुष्य तथा अन्य प्राणियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाती है।
सूर्य समय पर निकलता है। चाँद और तारे रात होने पर चमकना नहीं भूलते हैं। ऋतु आने पर फूल खिलना नहीं भूलते हैं। वर्षा ऋतु में बादल बरसना और समयानुसार वृक्ष फल नहीं भूलते हैं। ऋतुएँ समय पर आती जाती हैं और मुर्गा समय पर बाँग देता है। ये हमें अनुशासन का पाठ पढ़ाते हैं।
जीवन में जितने भी लोगों ने सफलता प्राप्त की है उसके मूल में अनुशासन रहा है। गांधी जी, नेहरू जी, टैगोर, तिलक, विवेकानंद आदि की सफलता का मूल मंत्र अनुशासन रहा है। विद्यार्थियों को कदम-कदम पर अनुशासन का पालन करना चाहिए और सफलता के सोपान चढ़ना चाहिए।
6) समय का महत्त्व अथवा समय चूकि वा पुनि पछताने
संकेत बिंदु-
*समय की पहचान
*समय पर काम न करने पर पछताना व्यर्थ
*समय का सदुपयोग-सफलता का सोपान
*आलस्य का त्याग।
एक सूक्ति है–’समय और सूक्ति किसी की प्रतीक्षा नहीं करते हैं।’ ये आते और जाते रहते हैं, चाहे कोई इनका लाभ उठाए या नहीं पर गुणवान लोग समय की महत्ता समझकर समय का लाभ उठाते हैं। एक चतुर मछुआरा अपने जाल और नाव के साथ ज्वार की प्रतीक्षा करता है और उसका लाभ उठाता है। जो लोग समय पर काम नहीं करते हैं उनके हाथ पछताने के सिवा कुछ भी नहीं लगता है।
समय बीतने पर काम करने से उसकी सफलता का आनंद सूख जाता है। ऐसे ही लोगों के लिए गोस्वामी तुलसीदास ने कहा है-‘समय चूकि वा पुनि पछताने।’ का बरखा जब कृषि सुखाने। अर्थात् समय पर काम करने से चक कर पछताना उसी तरह है जैसा कि फ़सल सखने के बाद वर्षा होने से वह हरी नहीं हो पाती है। जो व्यकि सदुपयोग करते हैं वे हर काम में सफल होते हैं।
शत्रु आक्रमण का जो देश मुकाबला नहीं करता वह गुलाम होकर रह जाता है, समय पर बीज न बोने वाले किसान की फ़सल अच्छी नहीं होती है और समय पर वर्षा न होने से भयानक अकाल पड़ जाता है। इस तरह निस्संदेह समय का उपयोग सफलता का सोपान है। समय पर काम करने के लिए आवश्यक है-आलस्य का त्याग करना। आलस्य भाव बनाए रखकर समय पर काम पूरा करना कठिन है। अतः हमें आलस्य भाव त्यागकर समय का सदुपयोग करना चाहिए।
7) मेरी अविस्मरणीय यात्रा अथवा पर्वतीय स्थल की यात्रा का रोमांच
*यात्रा की तैयारी
*रास्ते का सौंदर्य
*पर्वतीय सौंदर्य
*यादगार पल।
मनुष्य के मन में यात्रा करने का विचार ज़ोर मारता रहता है। उसे बस मौके की तलाश रहती है। मुझे भी यात्रा करना बहुत अच्छा लगता है। आखिर मुझे अक्टूबर के महीने में यह मौका मिल ही गया जब पिता जी ने बताया कि हम सभी वैष्णो देवी जाएँगे। वैष्णो देवी का नाम सुनते ही मन बल्लियों उछलने लगा और मैं तैयारी में जुट गया। उधर माँ भी आवश्यक तैयारियाँ करने के क्रम में कपड़े, चादर और खाने के लिए नमकीन बिस्कुट आदि पैक करने लगी।
आखिर नियत समय पर हम प्रात: तीन बजे नई दिल्ली स्टेशन पर पहुँचे और स्वराज एक्सप्रेस से जम्मू के लिए चल पड़े। लगभग आधे घंटे बाद हम दिल्ली की सीमा पार करते हुए सोनीपत पहुँचे। अब तक सवेरा हो चुका था। दोनों ओर दूर तक हरे-भरे खेत दिखाई देने लगे। इसी बीच पूरब से भगवान भास्कर का उदय हुआ। उनका यह रूप मैं दिल्ली में नहीं देख सका था।
दस बजे तक तो मैं जागता रहा पर उसके बाद चक्की बैंक पहुँचने पर मेरी नींद खुली। उससे आगे जाने पर हमें एक ओर पहाड़ नज़र आ रहे थे। वहाँ से कटरा जाकर हमने पैदल चढ़ाई की। पर्वतों को इतने निकट से देखने का यह मेरा पहला अवसर था। इनकी ऊँचाई और महानता देखकर अपनी लघुता का अहसास हो रहा था।
अब मुझे समझ में आया कि ‘अब आया ऊँट पहाड़ के नीचे’ मुहावरा क्यों कहा गया होगा। वैष्णो देवी पहुँचकर वहाँ का पर्वतीय सौंदर्य हमारे दिलो-दिमाग पर अंकित हो गया। वहाँ से भैरव मंदिर पहुँचकर जिस सौंदर्य के दर्शन हुए वह आजीवन भुलाए नहीं भूलेगा।
8)हमारे देश के राष्ट्रीय पर्व अथवा देश की अखंडता में सहायक राष्ट्रीय पर्व
*राष्ट्रीय पर्व का अर्थ एवं उनकी महत्ता
*हमारे राष्ट्रीय पर्व और मनाने का ढंग
*देश की एकता अखंडता बनाने में सहायक
*राष्ट्रीय पर्वों का संदेश।
पर्व मानव जीवन को मनोरंजन और ऊर्जा से भरकर मनुष्य की नीरसता दूर करते हैं। इन पर्यों को सांस्कृतिक, सामाजिक और राष्ट्रीय पर्यों के रूप में बाँटा जा सकता है। राष्ट्रीय पर्व वे पर्व हैं जिन्हें राष्ट्र के सारे लोग बिना किसी भेदभाव के एकजुट होकर मनाते हैं। इनका सीधा संबंध देश की एकता और अखंडता से होता है।
राष्ट्रीय पर्व व्यक्तिगत न होकर राष्ट्रीय होते हैं, इसलिए देशवासियों के अलावा विभिन्न प्रशासनिक और सरकारी कार्यालय, विभिन्न संस्थाएँ मिल-जुलकर मनाती हैं। इस दिन देश में सरकारी अवकाश रहता है। यहाँ तक कि दुकानें और फैक्ट्रियाँ भी बंद रहती हैं ताकि देशवासी इन्हें मनाने में अपना योगदान दें। हमारे राष्ट्रीय पर्व हैं-स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त), गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) और गांधी जयंती (02 अक्टूबर)।
स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रातःकाल सरकारी कार्यालयों एवं भवनों पर झंडा फहराया जाता है और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाता है। इस दिन देशभक्तों और शहीदों के योगदान को याद करते हुए स्वतंत्रता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई जाती है। गांधी जयंती के अवसर पर कृतज्ञ देशवासी गांधी जी के योगदान को याद करते हैं और उनके बताए रास्ते पर चलने की प्रतिज्ञा करते हैं।
देश की एकता अखंडता बनाए रखने में राष्ट्रीय त्योहार महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री देशवासियों से एकता बनाए रखने का आह्वान करते हैं। ये पर्व हमें एकजुट रहकर देश की स्वतंत्रता की रक्षा करने तथा देश के लिए तन-मन और धन न्योछावर करने का संदेश देते हैं। हमें इस संदेश को सदा याद रखना चाहिए।
9)रंग-बिरंगी ऋतुएँ अथवा भारत की छह ऋतुएँ 
*ऋतुएँ-प्रकृति का अनुपम उपहार
*छह ऋतुएँ और उनकी विशेषताएँ,
*ऋतुराज वसंत,
*ऋतुओं का प्रभाव।
प्रकृति ने भारत को अनेक उपहार प्रदान किए हैं। इन उपहारों में एक है-छह ऋतुओं का उपहार । ये ऋतुएँ एक के बाद एक बारी बारी से आती हैं और मुक्त हाथों से सौंदर्य बिखरा जाती हैं। ऋतुओं के जैसा मनभावन मौसम का समन्वय भारत में बना रहता है वैसा अन्यत्र दुर्लभ है। हमारे देश में छह ऋतुएँ पाई जाती हैं। ये छह ऋतुएँ हैं ग्रीष्म, वर्षा, शरद, शिशिर, हेमंत और वसंत।
भारतीय महीनों के अनुसार बैसाख और जेठ ग्रीष्म ऋतु के महीने होते हैं। इस समय छोटी-छोटी वनस्पतियाँ सूख जाती हैं। धरती तवे-सी जलने लगती है। आम, कटहल, फालसा, जामुन आदि फल इस समय प्रचुरता से मिलते हैं। इसके बाद अगले दो महीने वर्षा ऋतु के होते हैं। इस समय वर्षा होती है जो मुरझाई धरती और प्राणियों को नवजीवन देती हैं।
अधिक वर्षा बाढ़ के रूप में प्रलय लाती है। वर्षा ऋतु के उपरांत शरद ऋतु का आगमन होता है। यह ऋतु दो महीने तक रहती है। दशहरा और दीपावली इस ऋतु के प्रमुख त्योहार हैं। इस समय सरदी और गरमी बराबर होती है, जिससे मौसम सुहाना रहता है। शिशिर और हेमंत ऋतुओं में कड़ाके की सरदी पड़ती है। हेमंत पतझड़ की ऋतु मानी है। इस समय पेड़-पौधे अपनी पत्तियाँ गिरा देते हैं।
इसके बाद ऋतुराज वसंत का आगमन होता है। इस से मौसम सुहावना होता है। चारों ओर खिले फूल और सुगंधित हवा इस समय को सुहावना बना देते हैं। स्वास्थ्य की दृष्टि से यह सर्वोत्तम ऋतु है। विभिन्न ऋतुओं का अपना अलग-अलग प्रभाव होता है। इस कारण हमारा खान-पान और रहन-सहन प्रभावित होता है। तरह-तरह की फ़सलों के उत्पादन में ऋतुएँ महत्त्वपूर्ण योगदान देती हैं। सचमुच ये ऋतुएँ किसी वरदान से कम नहीं हैं।
10)वन रहेंगे-हम रहेंगे अथवा वनों की महत्ता
*वन प्रकृति के अनुपम उपहार
*वनों के लाभ
*मनुष्य का स्वार्थपूर्ण व्यवहार
*वन बचाएँ जीवन बचाएँ।
प्रकृति ने मनुष्य को कई उपहार दिए हैं, वन उनमें सबसे अधिक उपयोगी और महत्त्वपूर्ण हैं। मनुष्य और प्रकृति का साथ अनादिकाल से रहा है। पृथ्वी पर जीवन योग्य जो परिस्थितियाँ हैं उन्हें बनाए रखने में वनों का विशेष योगदान है। मनुष्य अन्य जीव-जंतुओं के साथ इन्हीं वनों में पैदा हुआ, पला, बढ़ा और सभ्य होना सीखा।
वनों ने मनुष्य की हर जरूरत को पूरा किया है। वन हमें लकड़ी, छाया, फल-फूल, कोयला, गोंद, कागज, नाना प्रकार की औषधियाँ देते हैं। वे पशुओं तथा पशु-पक्षियों के लिए आश्रय-स्थल उपलब्ध करते हैं। इससे जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बना रहता है। वन वर्षा लाने में सहायक हैं जिससे प्राणी नवजीवन पाते हैं। वन बाढ़ रोकते हैं और भूक्षरण कम करते हैं तथा धरती का उपजाऊपन बनाए रखते हैं।
वास्तव में वन मानवजीवन का संरक्षण करते हैं। वन परोपकारी शिव के समान हैं जो विषाक्त वायु का स्वयं सेवन करते हैं और बदले में प्राणदायी शुद्ध ऑक सीजन देते हैं। दुर्भाग्य से मनुष्य की जब ज़रूरतें बढ़ने लगी तो उसने वनों की अंधाधुंध कटाई शुरू कर दी। नई बस्तियाँ बनाने, कृषि योग्य भूमि पाने, सड़कें बनाने आदि के लिए पेड़ों की कटाई की गई, जिससे पर्यावरण असंतुलन बढ़ा और वैश्विक ऊष्मीकरण में वृद्धि हुई।
इससे असमय वर्षा, बाढ़, सूखा आदि का खतरा उत्पन्न हो गया। धरती पर जीवन बचाने के लिए पेड़ों को बचाना आवश्यक है। आओ हम जीवन बचाने के लिए अधिकाधिक पेड़ लगाने और बचाने की प्रतिज्ञा करते हैं।