शब्द और पद
वर्णों के सार्थक समूह को ‘शब्द’ कहते हैं। शब्द स्वतंत्र होता है। जब शब्द वाक्य में आ जाता है तब उसे शब्द नहीं कह कर 'पद' कहते हैं। वाक्य में प्रयुक्त शब्द को पद कहते हैं क्यूंकि वाक्य में आकार यह व्याकरण के नियमों में बंध जाता है तथा कोई-न-कोई 'प्रकार्य' (function) करने लगता है।
पदबंध की परिभाषा
'पदबंध' शब्द दो शब्दों- 'पद' तथा 'बंध' से मिलकर बना है। 'बंध' शब्द का अर्थ है 'बंधा हुआ' या 'बंधन युक्त'।
पदों के उस बंध या समूह को जो वाक्य में वही प्रकार्य करता है जो प्रकार्य किसी एक पद के द्वारा किया जा रहा
था, 'पदबंध' कहते हैं।
1.बच्चा केला खा रहा है।
2.शरारती बच्चा केला खा रहा है।
3.वह शरारती बच्चा केला खा रहा है।
वाक्य-1 में 'बच्चा' संज्ञा पद है और 'कर्ता' का प्रकार्य कर रहा है। इसके स्थान पर हम 'शरारती बच्चा' या 'वह शरारती बच्चा' भी रख सकते हैं जिसमें एक से अधिक पदों का समूह भी वाक्य में वही 'प्रकार्य' (function) करता है, जो अकेला 'बच्चा' पद कर रहा था । इसलिए हम कह सकते हैं कि 'शरारती बच्चा' और 'वह शरारती बच्चा' संज्ञा पदबंध का उदाहरण हैं ।
पदबंध के भेद
वाक्य में मुख्य रूप से पाँच प्रकार के पदबंध आ सकते हैं:
1.संज्ञा पदबंध
4. क्रिया पदबंध
2.सर्वनाम पदबंध
5. क्रियाविशेषण पदबंध
3.विशेषण पदबंध
1. संज्ञा पदबंध
वाक्य में जो पदबंध 'संज्ञा पद' के स्थान पर आते हैं तथा संज्ञा पद का ही प्रकार्य करते हैं, संज्ञा पदबंध कहलाते हैं।
संज्ञा पदबंध के उदाहरण
रेखांकित पद- 'संज्ञा पद' |
रेखांकित पदबंध- 'संज्ञा पदबंध' |
1. मीरा अध्यापिका है। |
1. मीरा हिंदी की अध्यापिका है। |
2. लड़कियाँ चली गईं। |
2. नृत्य करने वाली लड़कियाँ चली गईं। |
3. मुझे ट्रेन से जाना है। |
3. मुझे मुंबई वाली ट्रेन से जाना है। |
4. मैंने किताबें बच्चों को दे दीं। |
4. मैंने अपनी किताब बच्चों को दे दी। |
5. पक्षी देर तक उड़ते रहे। |
5. रंग-बिरंगे पक्षी देर तक उड़ते रहे। |
नोट: 'संज्ञा पद' को 'संज्ञा पदबंध' बनाने का कार्य 'विशेषण पद/पदबंधों' द्वारा किया जा रहा है।
इसके अलावा 'संज्ञा पदबंध' दो संज्ञा पदों के मेल से भी बन सकता है; जैसे-
रेखांकित पद- 'संज्ञा पद' |
रेखांकित पदबंध- 'संज्ञा पदबंध' |
6. लड़के घर चले गए। |
6. लड़के और लड़कियाँ घर चले गए। |
7. बच्चे पिकनिक पर जा रहे हैं। |
7. बच्चे और अध्यापक पिकनिक पर जा रहे हैं। |
8. दीपा ने नाटक में भाग नहीं लिया। |
8. दीपा और सीमा ने नाटक में भाग नहीं लिया। |
2. सर्वनाम पदबंध
वाक्य में जो पदबंध 'सर्वनाम पद' के स्थान पर आते हैं तथा सर्वनाम पद का ही प्रकार्य करते हैं,सर्वनाम पदबंध कहलाते हैं। इसका तात्पर्य यह है कि सर्वनाम पदबंध वाक्य में वही प्रकार्य करता है, जो प्रकार्य किसी सर्वनाम पद के द्वारा किया जाता है।
सर्वनाम पदबंध के उदाहरण
रेखांकित पद- 'सर्वनाम पद' |
रेखांकित पदबंध- 'सर्वनाम पदबंध' |
1. तुम आज चुप क्यों हो? |
1. बहुत बोलने वाले तुम आज चुप क्यों हो? |
2. मैं असफल नहीं हो सकता। |
2. लगन से काम करने वाला मैं असफल नहीं हो सकता। |
3. वह दौड़ में कैसे हार गया? |
3. सबसे तेज़ दौड़ने वाला वह दौड़ में कैसे हार गया? |
नोट :संज्ञा पदबंध की तरह 'सर्वनाम पद' को 'सर्वनाम पदबंध' बनाने का कार्य भी विशेषण पद/पदबंधों द्वारा ही किया जाता है।
3. विशेषण पदबंध
जो पदबंध 'विशेषण पद' के स्थान पर प्रयुक्त होकर संज्ञा या सर्वनाम पद की विशेषता बताते हैं, विशेषण पदबंध कहलाते हैं। वाक्य में विशेषण पदबंध वही प्रकार्य करते हैं जो प्रकार्य किसी विशेषण पद द्वारा किया जाता है।
विशेषण पदबंध के उदाहरण
रेखांकित पद- 'विशेषण पद' |
रेखांकित पदबंध- 'विशेषण पदबंध' |
1. मेरा बेटा कल आ रहा है। |
1. मेरा छोटा बेटा कल आ रहा है। |
2. दीपा एक डॉक्टर है। |
2. दीपा एक मशहूर डॉक्टर है। |
3. मैंने एक कार खरीदी। |
3. मैंने एक नई कार खरीदी। |
4. क्रिया पदबंध
वाक्य में प्रयुक्त 'मुख्य क्रिया' तथा 'सहायक क्रिया' से युक्त पूरी रचना को क्रिया पदबंध ही कहते हैं क्यूंकि ये वाक्य में क्रिया का प्रकार्य करते हैं।
क्रिया पदबंध के उदाहरण
दिये गए वाक्यों में रेखांकित पदबंध क्रिया का प्रकार्य करते हैं इसलिए क्रिया पदबंध कहलाते हैं |
1.बच्चे मैदान में दौड़ रहे हैं।
2.मैं रोज़ फ़िल्म देखने जाया करता था।
3.माता जी से खाना नहीं बनाया जाता।
4.वह अकसर फ़ोन कर लिया करती है।
5.वह नौकर से कपड़े धुलवा रही है।
6.आप वहाँ जाकर बैठिए।
5. क्रियाविशेषण पदबंध (Adverb Phrase)
यदि किसी वाक्य में 'क्रियाविशेषण पद' के स्थान पर एक से अधिक क्रियाविशेषण पद मिलकर 'पदबंध' के रूप में आते हैं और क्रिया की विशेषता बताने का कार्य करते हैं तो उस पदबंध को क्रियाविशेषण पदबंध कहा जाता है। वह 'पदबंध' जो 'क्रियाविशेषण पद' के स्थान पर प्रयुक्त होकर वही कार्य करता है जो अकेला एक 'क्रियाविशेषण पद' कर रहा था, तब उस पदबंध को 'क्रियाविशेषण पदबंध' कहते हैं।
क्रियाविशेषण पदबंध के उदाहरण
रेखांकित पद- 'क्रियाविशेषण पद' |
रेखांकित पदबंध- 'क्रियाविशेषण पदबंध' |
1. वह धीरे लिख रही है। |
1. वह बहुत धीरे लिख रही है। |
2. मैं कल पहुँचूँगा। |
2. मैं कल चार बजे पहुँचूँगा। |
3. सब लोग मंदिर गए हैं। |
3. सब लोग पुराने गणेश मंदिर गए हैं। |
4. दावत में उसने बहुत खाया। |
4. दावत में उसने बहुत ज्यादा खाया। |
ध्यान देने योग्य बातें
●वाक्य में प्रयुक्त शब्द इसलिए 'पद' कहलाते हैं क्योंकि वे वाक्य में जाकर कोई-न-कोई प्रकार्य अवश्य
करते हैं।
●वाक्य में प्रयुक्त 'मुख्य क्रिया' तथा 'सहायक क्रिया' से युक्त पूरी रचना को क्रिया पदबंध ही कहते हैं क्यूंकि ये वाक्य में क्रिया का प्रकार्य करते हैं।
●वाक्य के किसी एक पद के स्थान पर यदि एक से अधिक पदों का समूह वही प्रकार्य करता है जो अकेला एक पद कर रहा था, तो पदों के ऐसे बंध (समूह) को 'पदबंध' कहते हैं।
● पदों का ऐसा बंध या समूह जो वाक्य में 'संज्ञा पद' के स्थान पर प्रयुक्त होकर वही प्रकार्य करता है जो अकेला एक संज्ञा पद कर रहा था, तो पदों के उस 'बंध' को 'संज्ञा पदबंध' कहते हैं।
●संज्ञा पदबंध की रचना विशेषण पदों/पदबंधों के योग से होती है।
● जो पदबंध संज्ञा पदबंध के स्थान पर प्रयुक्त होकर संज्ञा पदबंध का ही प्रकार्य करते हैं, सर्वनाम पदबंध कहलाते हैं।
● पदों का ऐसा बंध जो किसी विशेषण पद के स्थान पर प्रयुक्त होकर वही कार्य करता है जो उस अकेले विशेषण पद द्वारा किया जा रहा था, तो उसे 'विशेषण पदबंध' कहते हैं।
●वाक्य में प्रयुक्त क्रिया हमेशा 'पदबंध' के रूप में ही होती है, अतः उसे 'क्रिया पदबंध' ही कहा जाता है।
●क्रियाविशेषण पद को जो पदबंध स्थानापन्न करके उसी कार्य को करता है, जिसे अकेला 'क्रियाविशेषण पद' कर रहा था, उसे 'क्रियाविशेषण पदबंध' कहते हैं।